‘दिल्ली पुलिस ने मुझे…’, सोनम वांगचुक को धरने से हटाए जाने के बाद अभिजीत दीपके का बड़ा दावा

‘दिल्ली पुलिस ने मुझे…’, सोनम वांगचुक को धरने से हटाए जाने के बाद अभिजीत दीपके का बड़ा दावा


शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हटा दिया है और उन्हें अस्पताल लेकर गई है. इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके ने बड़ा दावा किया है. सीजेपी चीफ ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली पुलिस ने मुझे पीटा और बाद में हिरासत में ले लिया है. पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने शनिवार (18 जुलाई) को तड़के ही धरना स्थल से हटा दिया. इसके बाद जंतर-मंतर से सीजेपी के कार्यकर्ताओं को भी खदेड़ा गया है.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई का कड़ा विरोध किया. कार्रवाई के विरोध में धरनास्थल पर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और इस दौरान खूब हंगामा देखने को मिला.

बता दें कि पुलिस की ये कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट में वांगचुक की तेजी से बिगड़ती सेहत को लेकर होने वाली सुनवाई से ठीक पहले सामने आई है. 2 दिन पहले ही हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक की बिगड़ते स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए थे. हाईकोर्ट ने अधिकारियों को निर्देशित किया था कि सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की रोजाना क्लीनिकल जांच की जाए.

किसी भी नागरिक की जान सबसे कीमती- हाईकोर्ट
हाई कोर्ट ने कहा था कि देश के किसी भी नागरिक की जान सबसे कीमती है इसलिए रेगुलर उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जाए और जरूरत पड़ने पर जरूरी डॉक्टरी हस्तक्षेप किया जाए. हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से साफ तौर पर कहा था कि वांगचुक के जीवन की रक्षा के लिए जो कुछ भी मुमकिन हो, वह सब कुछ किया जाना चाहिए.

‘वांगचुक की हालत बेहद नाजुक थी’
सोनम वांगचुक की जांच करने वाले डॉक्टरों ने शुक्रवार को उनकी स्थिति को बेहद नाजुक और मेडिकल इमरजेंसी करार दिया था. डॉक्टरों के मुताबिक लगातार 20 दिनों तक अन्न न लेने के कारण सोनम वांगचुक का 9 किलो से ज्यादा वजन घट गया था. उनके शरीर का ग्लूकोज और फैट पूरी तरह खत्म होने के बाद अब मांसपेशियां गलने लगी थीं. डॉक्टरों ने चेतावनी दी थी कि अगर अनशन तुरंत नहीं रोका गया, तो शरीर के मुख्य अंग काम करना बंद कर सकते हैं, जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है.

ये भी पढ़ें 

बुलेट ट्रेन में देरी का ठीकरा जापान के मंत्री ने भारत पर फोड़ा, विदेश मंत्रालय ने दिया ये जवाब



Source link