आइजेनकोट के ग्रीन सिग्नल पर नेतन्याहू का इशारा, बोले- ‘यूनिटी गवर्नमेंट के लिए तैयार’

आइजेनकोट के ग्रीन सिग्नल पर नेतन्याहू का इशारा, बोले- ‘यूनिटी गवर्नमेंट के लिए तैयार’


इजरायल के निवर्तमान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जायोनी और हारेदी पार्टियों को मिलाकर एक यूनिटी गवर्नमेंट बनाने की संभावना तलाशने में जुटे हैं. नेतन्याहू ने जोर देकर कहा कि एक साझा सरकार बनाना बहुत आवश्यक है. उनका ये बयान आइजेनकोट के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे नेतन्याहू और उनके एक कट्टर-दक्षिणपंथी सहयोगी को गठबंधन सरकार में शामिल करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते वे खुद इस सरकार के नेता बने रहें.

द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक नेतन्याहू ने अपने कार्यालय से जारी एक वीडियो बयान में कहा, “मैं किसी को भी गठबंधन से बाहर नहीं रखता, और किसी और को भी दूसरों को बाहर नहीं रखना चाहिए.” नेतन्याहू ने आगे कहा, “हमारे सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें एकजुट होना होगा.”

क्या बोले नेतन्याहू 
नेतन्याहू ने कहा कि सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने के नाते लिकुड को गठबंधन बनाने में पहल करनी चाहिए, जिसमें राष्ट्रीय खेमे की सभी पार्टियां एक साथ आएं. उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी इस प्रस्ताव पर विचार करने के लिए तैयार है, उसके साथ वे बिना किसी देरी के बातचीत शुरू करने के लिए तैयार हैं.

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग के निर्देश पर आइजेनकोट ने सोमवार को सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. आइजेनकोट को 67 सांसदों का समर्थन मिला, जबकि बेंजामिन नेतन्याहू के लिकुड-नेतृत्व वाले गुट को 46 सांसदों का समर्थन प्राप्त हुआ. अब उनके पास सरकार बनाने के लिए 28 दिन का समय है. जरूरत पड़ने पर राष्ट्रपति इस समय-सीमा को 14 दिन और बढ़ा सकते हैं.

किसी भी गठबंधन को बहुमत नहीं मिला
27 अक्टूबर को हुए इजरायली चुनावों में किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. इजरायल की 120 सदस्यीय संसद, जिसे नेसेट कहा जाता है, उसमें आइजेनकोट और नेतन्याहू के नेतृत्व वाले किसी भी गठबंधन को बहुमत हासिल नहीं हो सका. लिकुड 27 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि यशार पार्टी ने 21 सीटें जीतीं. सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या गठबंधन के पास नेसेट में 61 सीटें होनी चाहिए.

नफ्ताली बेनेट की सेंटर-राइट ‘टुगेदर’ पार्टी ने 12 सीटें जीतीं और यायर लैपिड के नेतृत्व वाली सेंटर-लेफ्ट ‘डेमोक्रेट्स’ ने 8 सीटें हासिल कीं. यिसराएल बेतेनु, ओत्ज़मा येहुदित और यूनाइटेड तोराह जुडाइज़्म (UTJ) को 7-7 सीटें मिलीं, जबकि शस और ‘रिलिजियस ज़ायोनिज़्म पार्टी-ज़ेहुत’ सूची को 6-6 सीटें मिलीं.

ये भी पढ़ें

चीन का बड़ा फैसला, अमेरिकी सामानों पर अगले दो महीने नहीं बढ़ाएगा टैरिफ



Source link