पोलैंड के क्राको शहर के मेन मार्केट स्क्वायर में गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद पुलिस ने हमलावर को गोली मारकर काबू में किया. आरोपी को अस्पताल ले जाया जा रहा है. घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं.
CBS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जानकारी दी है कि पोलैंड के क्राको शहर में एक व्यक्ति ने अपनी कार से एक ओपन मार्केट में घुसकर गोलीबारी की. इसमें पांच लोगों की मौत हो गई. लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इलाके में लोग इधर-उधर भागते हुए अपनी जान बचाते नजर आ रहे हैं. हमलावर को वहीं पुलिसकर्मियों ने गोली मारकर हिरासत में ले लिया. घटना शनिवार को दोपहर 3 बजे की है.
Video — Prime immagini dell’attacco a Cracovia. Sembra che l’attentatore indossasse abiti mimetici https://t.co/HzLy4kBKIW
— Ultimora.net (@ultimoranet) November 7, 2026
पुलिस ने बताया है कि हमलावर ने अपनी कार से लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई हैं. घायलों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है. वह मुठभेड़ के दौरान घायल हुए. उन्हें गोली लगी है. इसके बाद उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया है.
क्राको पोलैंड का दूसरा सबसे बड़ा शहर है. राजधानी वारसॉ से लगभग 155 किमी दूर है.
पोलैंड के पीएम ने एक्स पर किया पोस्ट
पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया पर बताया कि गोलीबारी की दुखद घटना के बाद क्राको के हालात के बारे में मुझे गृह मंत्री लगातार जानकारी दे रहे हैं. पुलिस इस हमले के पीछे की वजह और इससे जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच में जुटी है. फिलहाल किसी तरह की अन्य जानकारी नहीं है.
अमेरिका ने भी दी प्रतिक्रिया
अमेरिकी राजदूत टॉम रोज ने X पर पोस्ट करते हुए बताया कि हमें क्राको में हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी मिल रही है. यह एक क्रूर और जानलेवा हला है. इसने पोलैंड की शांति को झकझोर दिया है. इस मुश्किल घड़ी में अमेरिका पोलैंड के साथ खड़ा है. ठीक वैसे ही जैसे पोलैंड अपने क्राको के नागरिकों के साथ खड़ा है.





