ईरानी संसद के अध्यक्ष एमबी गालिबाफ ने गुरुवार (5 नवंबर, 2026) को अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पर निशाना साधा है. दरअसल, जेडी वेंस ने अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार के लिए ईरान के साथ युद्ध को जिम्मेदार ठहराया था. इसके बाद ईरानी नेता ने अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन पर युद्ध के नतीजों को स्वीकार करने से बचने का आरोप लगाया.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की तरफ से चुनावी हार को लेकर X प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट शेयर किया गया था, जिस पर पलटवार करते हुए ईरानी संसद के स्पीकर एमबी गालिबाफ ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘हारने वाले जुआरी की सोच ऐसी होती है कि वह दांव छोड़ नहीं पाता है.’
बॉस युद्ध के अगले चरण की तैयारी कर रहा- गालिबाफ
गालिबाफ ने कहा, ‘बॉस युद्ध के अगले चरण की तैयारी कर रहा है, जबकि अमेरिका इजरायल फर्स्ट की नीति की वजह से खतरनाक मोड़ पर खड़ा है. टेड टॉक्स छोड़िए. आप यह बात अपने बॉस से क्यों नहीं करते?’
Losing gambler energy, can’t walk away from the table. Boss is prepping the next war phase while America teeters on an Israel-First cliff. Skip the TED talk. Why not say this to your boss?
— محمدباقر قالیباف | MB Ghalibaf (@mb_ghalibaf) November 5, 2026
उनका यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध को लेकर उनके प्रशासन की रणनीति पर तंज माना जा रहा है. इजरायल फर्स्ट का जिक्र करते हुए गालिबाफ का संकेत था कि तेहरान को लेकर वाशिंगटन की नीति अमेरिकी हितों की कीमत पर इजरायल के हितों को प्राथमिकता दे रही है.
मिडटर्म चुनावों में हार पर जेडी वेंस ने क्या कहा था?
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की टिप्पणी 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनावों के नतीजों में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त के बाद आई थी. डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी सीनेट और प्रतिनिधि सभा, दोनों में बहुमत हासिल कर लिया. यह नतीजा ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. इसके अलावा, डेमोक्रेटिक कैंडिडेट्स ने कई ऐसे राज्यों में भी जीत दर्ज की, जहां पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन पार्टी का दबदबा रहा है.
यह भी पढ़ेंः US मिडटर्म इलेक्शन से सबक! डेमोक्रेटिक पार्टी की लीडरशिप में बड़े बदलाव की आहट





