धान के बाद इन फसलों की खेती करें किसान, कम पानी में भी होती है पैदावार

धान के बाद इन फसलों की खेती करें किसान, कम पानी में भी होती है पैदावार


धान की कटाई के बाद किसान रबी फसलों की बुवाई कर सकते हैं. खेत खाली छोड़ने के बजाय दूसरी फसलों की खेती करने से उन्हें अतिरिक्त आमदनी का मौका मिलता है. खासकर उन किसानों के लिए कम पानी में तैयार होने वाली फसलें अच्छा विकल्प हैं, जिनके पास सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं हैं. अलसी, चना, मटर, मसूर और सरसों जैसी फसलें धान के बाद उगाई जा सकती हैं. 

 कौन सी फसलें कम पानी में होंगी तैयार?

धान की कटाई के बाद जिन किसानों के पास सिंचाई की सुविधा कम है, वे अलसी की खेती कर सकते हैं. इस फसल को ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. खेत में बची नमी से भी इसके विकास में मदद मिलती है. इसके अलावा चना भी कम पानी में तैयार होने वाली दलहन फसल है. धान की कटाई के बाद खेत में मौजूद नमी का इस्तेमाल करके इसकी बुवाई कर सकते है. वहीं, मसूर की खेती भी किसानों के लिए अच्छा विकल्प है. इसमें सिंचाई की जरूरत सीमित होती है और इसकी खेती में लागत भी कम आती है. इन फसलों से किसान अतिरिक्त आमदनी कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें : Rabi Crops: रबी की फसल के लिए कैसे उठाएं सरकारी मदद का फायदा, कैसे करें आवेदन? 

मटर, सरसों और मक्का क्यों हैं अच्छे विकल्प?

किसान धान के बाद मटर की खेती भी कर सकते हैं. सर्दियों में इसकी मांग बनी रहती है और सही किस्म का चुनाव करके अच्छी पैदावार होती है. जिन किसानों के पास एक से दो सिंचाई की सुविधा है, वे सरसों की खेती कर सकते हैं. यह एक प्रमुख तिलहनी फसल है. इसके अलावा रबी मक्का भी किसानों के लिए कमाई का अच्छा विकल्प बनता है. इसकी खेती के लिए मिट्टी और मौसम के अनुसार किस्म का चुनाव करना जरूरी है. बुवाई से पहले खेत की तैयारी और बीज की गुणवत्ता का ध्यान जरूर रखें.

सब्जियों की खेती से कैसे होगी कमाई?

किसान धान की कटाई के बाद मूली, पालक और मेथी जैसी सब्जियों की खेती भी कर सकते हैं. ये फसलें कम समय में तैयार हो जाती हैं और स्थानीय बाजार में इनकी मांग बनी रहती है. सब्जियों की खेती के लिए ऐसे खेत का चुनाव करना चाहिए जहां पानी जमा न होता हो. खेत में जल निकलने की अच्छी व्यवस्था होना भी जरूरी है. किसान अपनी जमीन, मिट्टी में बची नमी और सिंचाई के साधनों के अनुसार फसल का चुनाव करें.

यह भी पढ़ें : Delhi Pollution: फसल के लिए कितना खतरनाक है प्रदूषण? NCR के किसान भाई संभल जाएं 



Source link