Grow Vegetables In Balcony: आजकल बाजार में मिलने वाली ज्यादातर हरी सब्जियां पेस्टिसाइड और केमिकल के दम पर उगाई जा रही हैं. जो हमारी सेहत को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा रही हैं. ऊपर से महंगाई का आलम यह है कि जेब पर भी भारी असर पड़ता है. ऐसे में अगर आप अपने परिवार को एकदम फ्रेश और ऑर्गेनिक खाना खिलाना चाहते हैं. तो घर की बालकनी से बेहतर कोई जगह नहीं है.
फ्लैट या छोटे घरों की बालकनी में सब्जियां उगाना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है. बल्कि यह एक बेहद मजेदार और आसान काम है. इसके लिए आपको बस थोड़े से स्पेस, सही जानकारी और सही गमलों की जरूरत होती है. तो चलिए आज आपको बताते हैं कि कैसे आप अपनी बालकनी को एक छोटे से हरे-भरे खेत में बदल सकते हैं.
बालकनी में सब्जियां उगाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
अगर आप पहली बार गार्डनिंग शुरू कर रहे हैं. तो उन पौधों से शुरुआत करें जिन्हें उगाना सबसे आसान होता है और जो कम धूप में भी चल जाते हैं. बालकनी के लिए हरी मिर्च, धनिया, पुदीना, टमाटर और नींबू सबसे बेस्ट माने जाते हैं. इसके अलावा आप मेथी, पालक और बथुआ जैसी पत्तेदार सब्जियां भी बहुत आसानी से उगा सकते हैं. इनके लिए आपको बहुत गहरे गमलों की जरूरत भी नहीं पड़ती.
यह छोटे प्लास्टिक के टब या चौड़े ग्रो-बैग्स में भी आराम से फैल जाती हैं. बस ध्यान यह रखना है कि आपकी बालकनी में कम से कम 3 से 4 घंटे की सीधी धूप जरूर आती हो. अगर धूप अच्छी मिलेगी तो टमाटर और मिर्च जैसी सब्जियों में फूल जल्दी आएंगे और फल भी बढ़िया लगेंगे.
यह भी पढ़ें: बारिश शुरू होते ही क्यों की जाती है धान की रोपाई, इससे पैदावार पर कितना फर्क पड़ता है?
इन बातों का रखें ध्यान
गमले में पौधा लगाने के लिए सबसे जरूरी स्टेप है उसकी मिट्टी यानी पोटिंग मिक्स तैयार करना. सिर्फ नॉर्मल मिट्टी डालने से काम नहीं चलेगा. क्योंकि गमले में न्यूट्रिएंट्स सीमित होते हैं. आपको 50 परसेंट नार्मल मिट्टी में 30 परसेंट वर्मीकंपोस्ट या गोबर की सड़ी हुई खाद और 20 परसेंट कोकोपीट मिलाना चाहिए. कोकोपीट मिलाने से मिट्टी हल्की रहती है और नमी लंबे समय तक बनी रहती है.
पौधों में पानी हमेशा तभी दें जब ऊपर की मिट्टी सूखी दिखाई दे जरूरत से ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ जाती हैं. हफ्ते-दस दिन में एक बार नीम के तेल का स्प्रे कर दें. जिससे कीड़े-मकौड़े दूर रहेंगे और आपको बिना किसी केमिकल के एकदम शुद्ध और सेहतमंद सब्जियां घर पर ही मिलेंगी.
यह भी पढ़ें: काली, लाल और पीले रंग की मिट्टी क्यों होती है, कौन सी होती सबसे ज्यादा उपजाऊ?






