ट्रंप-बाइडेन की हत्या की साजिश, पाकिस्तानी को US में सजा, क्या बोला आरोपी

ट्रंप-बाइडेन की हत्या की साजिश, पाकिस्तानी को US में सजा, क्या बोला आरोपी


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पाकिस्तान के बिजनेसमैन आसिफ मर्चेंट को अमेरिका में 27 साल से कुछ अधिक की जेल की सजा सुनाई गई है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 48 वर्षीय आसिफ ने बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक सदस्य ने उसे इस साजिश में शामिल होने के लिए प्रेरित किया था. मर्चेंट को इस साल की शुरुआत में पैसे देकर हत्या कराने (मर्डर-फॉर-हायर) और आतंकवाद के प्रयास का दोषी ठहराया गया था, जिसके बाद मंगलवार को न्यूयॉर्क में उसे सजा सुनाई गई. 

अमेरिकी जज ने क्या कहा
ट्रंप द्वारा नियुक्त अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज एरिक कोमिटी ने कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति या किसी अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी की सुनियोजित हत्या से अधिक गंभीर आरोप शायद ही कोई हो सकता है.” सजा की सुनवाई के दौरान उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. उनके वकील अव्राहम मोस्कोविट्ज़ ने बताया कि मर्चेंट इस फैसले के खिलाफ अपील करने की योजना बना रहे हैं, लेकिन उन्हें इस बात की राहत है कि जज ने अभियोजन पक्ष की उम्रकैद की मांग को खारिज कर दिया.

मोस्कोविट्ज़ ने कहा, “मुझे लगता है कि इससे यह पता चलता है कि हमारी न्यायपालिका स्वतंत्र है, जो कि एक अच्छी बात है.” अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने एक बयान में कहा कि मर्चेंट को उचित सजा दी गई है. मर्चेंट ने जूरी को बताया कि उसने ट्रंप की रैलियों वाली जगहों के बारे में जानकारी जुटाई थी और किसी राजनीतिक रैली के दौरान हत्या करने की योजना पर चर्चा की थी.

हत्यारे निकले FBI एजेंट 
पीटीआई के मुताबिक उसने एक होटल के नैपकिन पर कुछ चीजों का इस्तेमाल करके अपने एक परिचित को इस प्रस्तावित हमले के बारे में समझाया था. इसके बाद मर्चेंट ने कुछ ऐसे लोगों से संपर्क किया, जिन्हें वह भाड़े का हत्यारा समझता था. उसने उन्हें 5,000 अमेरिकी डॉलर नकद दिए, जो उसने अपने एक रिश्तेदार से उधार लिए थे. 

पाकिस्तान लौटने की फिराक में था आरोपी
ये कथित हत्यारे असल में फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के अंडरकवर एजेंट थे और जिस परिचित ने मर्चेंट को नैपकिन पर यह सब समझाते हुए देखा था, उसने अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी थी. मर्चेंट को 12 जुलाई 2024 को टेक्सास में उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह पाकिस्तान जाने वाली फ्लाइट पकड़ने की तैयारी कर रहा था. उसकी गिरफ्तारी पेंसिल्वेनिया के बटलर में ट्रंप पर हुए एक जानलेवा हमले से ठीक एक दिन पहले हुई थी.

मर्चेंट ने गवाही दी कि उसने रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक ऑपरेटिव के निर्देशों का पालन सिर्फ इसलिए किया, क्योंकि उसे ईरान में अपने रिश्तेदारों की सुरक्षा की चिंता थी. उसे उम्मीद थी कि अमेरिकी अधिकारी इस साजिश को रोक लेंगे और फिर वह उनके साथ सहयोग कर सकेगा. 

ये भी पढ़ें

Explained: जावेद अख्तर के बयान पर विवाद के बीच समझें राम सबके हैं, लेकिन क्यों सबके राम एक जैसे नहीं



Source link