चश्मा रिटेलर कंपनी ‘लेंसकार्ट’ (Lenskart) इन दिनों एक बड़े विवाद के केंद्र में है. आरोप है कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों को कार्यस्थल पर बिंदी और तिलक लगाने से मना किया था, जबकि हिजाब पहनने की अनुमति दी थी. इस मुद्दे ने तब तूल पकड़ लिया जब मुंबई में हिंदू संगठनों के सदस्यों ने एक मुस्लिम बीजेपी नेता के नेतृत्व में लेंसकार्ट के शोरूम में घुसकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कर्मचारियों को तिलक लगाया, कलाई पर कलावा बांधा और जमकर नारेबाजी की.
बीजेपी नेता नाजिया इलाही ने मोर्चा संभाला
बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता नाजिया इलाही ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मुंबई स्थित लेंसकार्ट स्टोर में पहुंचकर स्टाफ से तीखे सवाल किए. इस दौरान परिसर के अंदर “जय श्री राम” के नारे भी लगाए गए. नाजिया इलाही ने स्टोर के फ्लोर मैनेजर मोहसिन खान से कथित पाबंदियों को लेकर सवाल पूछा. वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है कि, “क्या इसीलिए तिलक रोका गया क्योंकि आप मोहसिन खान हैं?”
“धार्मिक पहचान जताने में कोई शर्म नहीं”
स्टोर के बाहर मीडिया से बात करते हुए नाजिया इलाही ने प्रबंधन पर एक धर्म को दूसरे के ऊपर बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “यह एक हिंदू राष्ट्र है. अगर मालिक माफी नहीं मांगते हैं, तो लेंसकार्ट का या तो बहिष्कार किया जाएगा या इसके सभी आउटलेट बंद करा दिए जाएंगे.” स्थिति तब और नाटकीय हो गई जब नाजिया ने हिंदू कर्मचारियों को आगे बुलाया और उनके माथे पर तिलक लगाते हुए कहा कि अपनी धार्मिक पहचान व्यक्त करने में “कोई शर्म” नहीं होनी चाहिए.
कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप
शोरूम के एक कर्मचारी ने दावा किया कि कंपनी की ट्रेनिंग के दौरान उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया था कि तिलक और कलावा पहनना मना है. कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि महिला कर्मचारियों को शादीशुदा होने के बावजूद ‘मंगलसूत्र’ पहनने की इजाजत नहीं थी. इन दावों के बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं का गुस्सा और भड़क गया. उन्होंने आउटलेट को तुरंत बंद करने और मामले की गहन जांच होने तक इसे न खोलने की मांग की.
सीईओ पीयूष बंसल की सफाई और माफी
विवाद बढ़ता देख लेंसकार्ट के सीईओ पीयूष बंसल ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने माफी मांगते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दस्तावेज “गलत” था और कंपनी की वर्तमान गाइडलाइंस को नहीं दर्शाता. बंसल के अनुसार, वह एक पुराना ट्रेनिंग नोट था जो अब एचआर पॉलिसी का हिस्सा नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिंदी और तिलक से जुड़े संदर्भों को पहले ही हटा दिया गया था.
यह भी पढ़ें: ‘कर्मचारियों को बिंदी, तिलक, पगड़ी पहनने की अनुमति’, Lenskart का ऐलान! जारी की नई इन-स्टोर स्टाइल गाइड
नई ‘स्टाइल गाइड’ जारी
कंपनी ने बाद में एक विस्तृत ‘इन-स्टोर स्टाइल गाइड’ जारी की है. इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि स्टोर के अंदर आस्था और संस्कृति के सभी प्रतीक जैसे कि बिंदी, तिलक, हिजाब और पगड़ी पहनने की पूरी अनुमति है. कंपनी ने दोहराया कि वे अपने सभी कर्मचारियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनकी विविधता का स्वागत करते हैं.






