बिना तंदूर घर पर कुकर में भी बना सकते हैं तंदूरी रोटी, जान लीजिए आसान तरीका

बिना तंदूर घर पर कुकर में भी बना सकते हैं तंदूरी रोटी, जान लीजिए आसान तरीका


Tandoori Roti: तंदूरी रोटी का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों को लगता है कि इसे बनाने के लिए तंदूर होना जरूरी है. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. अगर आपके घर में प्रेशर कुकर है, तो आप बिना तंदूर के भी बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसी स्वादिष्ट और मुलायम तंदूरी रोटी बना सकते हैं. इसके लिए आपको केवल कुछ आसान स्टेप्स अपनाने होंगे जिसको अपनाने के बाद तंदूरी रोटी तैयार हो जाएगी.

तंदूरी रोटी बनाने के लिए सामग्री:

  • 2 कप गेहूं का आटा
  • 1/2 कप मैदा (वैकल्पिक)
  • 1/2 छोटा चम्मच नमक
  • 1/2 छोटा चम्मच चीनी
  • 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच दही
  • 1 छोटा चम्मच तेल
  • जरूरत अनुसार गुनगुना पानी
  • मक्खन या घी (सर्व करने के लिए)

ऐसे तैयार करें आटा

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में आटा, मैदा, नमक, चीनी और बेकिंग पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इसमें दही और तेल डालें. धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंध लें. आटे को ढककर कम से कम 30 मिनट के लिए रख दें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए.

यह भी पढ़े: Rice or Roti Which Spoils First in Summer: चावल या रोटी… गर्मियों में सबसे पहले क्या खराब होता है? खाने से पहले जान लीजिए जरूरी बात

कुकर में किस प्रकार बनाएं तंदूरी रोटी?

सबसे पहले प्रेशर कुकर की रबर और सीटी निकाल दें. खाली कुकर को 8 से 10 मिनट तक मध्यम आंच पर अच्छी तरह गर्म करें. अब आटे की लोई बनाकर हल्का मोटा बेल लें. रोटी के एक तरफ हल्का पानी लगाएं. पानी लगी हुई इस साइड को कुकर की अंदर वाली दीवार पर चिपका दें. ध्यान रखें कि पानी की लगी हुइ साइड ही कुकर से चिपके. कुकर को ढक दें और 1 से 2 मिनट तक रोटी पकने दें. जब रोटी फूलने लगे और ऊपर से पक जाए, तब कुकर को सावधानी से उल्टा करके रोटी को सीधे आंच की तरफ करें. इससे रोटी पर तंदूर जैसी हल्की सुनहरी और काली चित्तियां आ जाएंगी.

रोटी पकने के बाद चिमटे की मदद से निकाल लें और उस पर मक्खन या घी लगा दें. इसी तरह बाकी रोटियां भी तैयार कर लें.

इन बातों का रखें ध्यान:

  • कुकर में रबर और सीटी बिल्कुल न लगाएं.
  • कुकर को पहले अच्छी तरह गर्म करना जरूरी है, तभी रोटी अच्छी तरह चिपकेगी.
  • रोटी पर पानी बराबर लगाएं, ताकि वह कुकर की दीवार पर आसानी से चिपक जाए.
  • रोटी को निकालते समय चिमटे का इस्तेमाल करें, ताकि हाथ न जले.
  • तंदूरी रोटी को गरमागरम दाल, पनीर, छोले या किसी भी सब्जी के साथ परोसें.

अगर आपके घर में तंदूर नहीं है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. केवल एक प्रेशर कुकर की मदद से आप घर पर ही मुलायम, स्वादिष्ट और रेस्टोरेंट जैसी तंदूरी रोटी आसानी से बना सकते हैं और इसका स्वाद ले सकते हैं. यह तरीका आसान होने के साथ-साथ आपका समय भी बचाएगा और पैसे भी.

यह भी पढ़े: Easy Breakfast Recipes: न झंझट, न ज्यादा बर्तन… बैचलर्स के लिए सिर्फ 10 मिनट में बनने वाले 5 आसान और टेस्टी नाश्ते



Source link