Maa Kamakhya Tour Package: आईआरसीटीसी समय-समय पर देश में श्रद्धालुओं के लिए कई शानदार और किफायती धार्मिक टूर पैकेज लॉन्च करता है. इस बार भी आईआरसीटीसी मां कामाख्या देवी के दर्शन के लिए एक खास टूर पैकेज लेकर आया है. इस पैकेज के तहत श्रद्धालु सिर्फ 2550 रुपये में प्रति व्यक्ति मां कामाख्या के दर्शन कर सकते हैं. यह पैकेज एक रात और 2 दिन का है, जिसकी शुरुआत गुवाहाटी से होगी. ऐसे में चलिए अब आपको बताते हैं की मां कामाख्या के दर्शन करने के लिए आईआरसीटीसी के 2550 रुपये के पैकेज में क्या-क्या शामिल है.
क्यों खास है कामाख्या मंदिर?
असम की राजधानी गुवाहाटी के नीलांचल पर्वत पर स्थित कामाख्या मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह शक्तिपीठ देवी सती से जुड़ा है. तांत्रिक साधना और शक्ति उपासना के लिए भी यह मंदिर दुनिया भर में प्रसिद्ध है.
2550 रुपये में क्या-क्या मिलेगा?
आईआरसीटीसी के इस स्पेशल पैकेज में सिर्फ मंदिर दर्शन ही नहीं, बल्कि यात्रा से जुड़ी कई सुविधा भी शामिल की गई है. गुवाहाटी में एक रात होटल में ठहरने की सुविधा, नाश्ता और डिनर, स्थानीय जगह घूमना और दर्शन के लिए वाहन, ट्रैवल इंश्योरेंस, टोल टैक्स, पार्किंग और जीएसटी और रोजाना एक लीटर पैक पानी की बोतल मिलेगी. यानी श्रद्धालुओं को होटल, भोजन और स्थानीय यात्रा की अलग से चिंता करने की जरूरत नहीं होगी. सभी चीज इस पैकेज में शामिल होगी.
कैसे शुरू होगी यात्रा?
आईआरसीटीसी के ऑफिशियल वेबसाइट के नोटिफिकेशन के अनुसार इस यात्रा में पहले दिन गुवाहाटी एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को होटल ले जाया जाएगा. समय मिलने पर शाम को प्रसिद्ध श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में भी घुमाया जाएगा. इसके बाद गुवाहाटी में रात्रि विश्राम होगा, वहीं दूसरे दिन सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक आउट कराया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालु मां कामाख्या मंदिर के दर्शन करेंगे. दर्शन के बाद उमानंद मंदिर भी ले जाया जाएगा. शाम को यात्रियों को गुवाहाटी एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन छोड़ दिया जाएगा.
पैकेज में शामिल नहीं है वीआईपी दर्शन
आईआरसीटीसी के ऑफिशल नोटिफिकेशन के अनुसार वीआईपी दर्शन पास इस पैकेज का हिस्सा नहीं है. अगर कोई श्रद्धालु विशेष दर्शन करना चाहता है तो उसे अलग से ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी. इसके लिए कम से कम 15 दिन पहले टिकट बुक करने की सलाह दी गई है.
कौन-कौन उठा सकते हैं 2550 रुपये वाले पैकेज का फायदा
2550 रुपये प्रति व्यक्ति का विशेष किराया तभी लागू होगा, जब एक साथ चार लोग यात्रा करेंगे. इसके अलावा अलग-अलग कैटेगरी के लिए फीस अलग-अलग है. जैसे सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए 10,650 रुपये, डबल ऑक्यूपेंसी के लिए 5,580 रुपये, ट्रिपल ऑक्यूपेंसी के लिए 4,370 रुपये प्रति व्यक्ति और चार यात्रियों के ग्रुप के लिए 2550 रुपये प्रति व्यक्ति होगा.
किन चीजों के लिए अलग से करना होगा खर्च
आईआरसीटीसी के पैकेज में एयर टिकट या ट्रेन टिकट शामिल नहीं है. इसके अलावा लंच, पर्सनल खर्च, बोटिंग या फेरी का खर्च, कैमरा फीस, टिप, लॉन्ड्री और वीआईपी दर्शन का खर्च यात्रियों को खुद वहन करना होगा. वहीं इस पैकेज की बुकिंग के लिए यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट irctctourism.com पर जाकर इसे बुक कर सकते हैं.






