देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने उन्हें ‘भारत का दिमाग’ (Mind of India) बताया है. पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेहरू को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जिसका निर्माण आज भी जारी है. CJP ने अपनी पोस्ट में लिखा, ”भारत के दिमाग पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर याद कर रहे हैं. वह आधुनिक भारत के शिल्पकार थे, जिन्होंने उस भारत की कल्पना की, जिसे हम आज भी बनाने में जुटे हैं.”
Remembering the ‘MIND OF INDIA’ , Pandit Jawaharlal Nehru, on his birth anniversary🌹 The Architect of Modern India, who envisioned the India we continue to build today. https://t.co/Y41nqOz3Ju
— Cockroach Janta Party – CJP (@Cockroachisback) November 14, 2026
नेहरू जयंती के अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. नेताओं ने नेहरू के योगदान को याद करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों, शिक्षा, विज्ञान और देश की प्रगति में उनकी भूमिका का उल्लेख किया.
कांग्रेस ने नेहरू को बताया आधुनिक, वैज्ञानिक और लोकतांत्रिक भारत का निर्माता
कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर याद किया. पार्टी ने लिखा कि आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और सबको साथ लेकर चलने वाले भारत को लेकर नेहरू की दूरदृष्टि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. देश के निर्माण, शिक्षा और तरक्की में उनके योगदान की विरासत हमेशा याद रखी जाएगी.
खरगे बोले- आजादी के बाद भारत को नई दिशा दी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संदेश में लिखा कि भारत की आजादी से लेकर एक मजबूत, आधुनिक, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव रखने में पंडित जवाहरलाल नेहरू का ऐतिहासिक योगदान रहा है. उनकी जयंती पर उन्हें सादर नमन. खरगे ने आगे कहा कि आजादी के बाद देश के सामने कई चुनौतियां थीं. ऐसे समय में नेहरू ने अपनी दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और अटूट संकल्प से भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को नई दिशा दी.
राहुल गांधी बोले- आजादी उनके लिए नए सफर का मुकाम थी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ”हिंद के जवाहर, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर सादर नमन. आजादी उनकी मंजिल नहीं, देश के नए सफर का मुकाम थी.” राहुल गांधी ने कहा कि नेहरू के लिए स्वराज केवल सत्ता हासिल करना नहीं था, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की जिम्मेदारी थी. भारत उनके लिए एक खोज और विचार था, जिसकी शक्ति विविधता, विश्वास लोकतंत्र और आधार समानता थी. उन्होंने आगे लिखा कि आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का नेहरू का सपना आज भी प्रेरणा देता है. उस सपने के भारत की ओर लगातार प्रयास करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है.
प्रियंका गांधी बोलीं- मौत के 60 साल बाद भी नेहरू पर हमले होते हैं
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने नेहरू को अनोखा व्यक्तित्व बताते हुए उन्हें क्रांतिकारी, दूरदर्शी और निर्माण करने वाला नेता बताया. उन्होंने एक्स पर लिखा कि नेहरू की मृत्यु के 60 साल से भी अधिक समय बीतने के बाद भी कुछ लोग उन पर हमला करते हैं. प्रियंका गांधी ने कहा कि जो लोग संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके निशाने पर आज भी नेहरू हैं. यह भारत के प्रति नेहरू की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि देश के प्रति नेहरू का प्रेम हमेशा लोगों को रास्ता दिखाता रहेगा.






