Double Mango Salad Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में आम की खुशबू और टेस्ट हर किसी को अपनी ओर खींच लेता है. आम ऐसा फल है जो हर किसी को पसंद आता है, चाहे बच्चे हों या बड़े. इसका मीठा टेस्ट और खुशबू सबको अच्छी लगती है, इसलिए यह लगभग हर किसी का फेवरेट फल होता है. इसे लोग अलग-अलग तरीकों से खाते हैं. कभी शेक, कभी आम पन्ना, तो कभी मिठाइयों में, लेकिन अगर आप कुछ नया और हटकर ट्राई करना चाहते हैं, तो डबल मैंगो सलाद इन राइस पेपर कप आपके लिए एक परफेक्ट समर रेसिपी है. यह डिश देखने में जितनी खूबसूरत है, खाने में उतनी ही टेस्टी और फ्रेश भी है. तो आइए जानते हैं कि मैंगो लवर्स के लिए यूनिक स्नैक डबल मैंगो सलाद इन राइस पेपर कप की स्टेप बाय स्टेप रेसिपी क्या है.
डबल मैंगो सलाद इन राइस पेपर कप क्यों है खास रेसिपी?
इस रेसिपी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कच्चे और पके आम को साथ मिलाकर एक बेहतरीन टेस्ट बनाया गया है, जिससे मीठा और खट्टा फ्लेवर सही तरह से बैलेंस हो जाता है. इसमें सोया सॉस और अन्य सामग्री के कारण हल्का अलग टेस्ट भी आता है, जो इसे और टेस्टी बनाता है. राइस पेपर कप इसे एक क्रिस्पी और मजेदार टेक्सचर देते हैं. साथ ही इसे बनाना आसान है लेकिन इसकी प्रेजेंटेशन किसी रेस्टोरेंट जैसे फैंसी डिश की तरह लगती है, इसलिए यह समर पार्टी या स्टार्टर्स के लिए एक परफेक्ट ऑप्शन है.
डबल मैंगो सलाद बनाने के लिए क्या चीजें चाहिए?
इस सलाद को बनाने के लिए पहले एक टेस्टी ड्रेसिंग तैयार की जाती है, जिसमें बारीक कटा लहसुन, लाल मिर्च, सोया सॉस, तिल का तेल और गुड़ पाउडर मिलाकर एक मीठा, तीखा और हल्का नमकीन फ्लेवर तैयार किया जाता है. इसके बाद सलाद के लिए कच्चे और पके आम के टुकड़े, बारीक कटा प्याज, लाल शिमला मिर्च, ताजी पुदीना पत्तियां और भुनी हुई मूंगफली चाहिए , जिससे इसमें क्रंच और फ्रेशनेस आती है. इस पूरे मिश्रण को रोमेन लेट्यूस के साथ राइस पेपर शीट्स पर रखकर सर्व किया जाता है, जिससे यह सलाद टेस्ट और टेक्सचर दोनों में बहुत खास बन जाता है.
यह भी पढ़ें – Phuchka Vs Golgappa: कैसे बनता है बंगाल का फुचका, गोलगप्पों से कितना अलग?
डबल मैंगो सलाद इन राइस पेपर कप की रेसिपी क्या है?
1. इसे बनाने के लिए सबसे पहले लहसुन को बारीक काट लें और लाल मिर्च को भी छोटे टुकड़ों में काटकर हल्का सा क्रश करें.
2. अब एक बाउल में क्रश किया हुआ लहसुन और मिर्च डालें, फिर उसमें सोया सॉस, तिल का तेल और गुड़ पाउडर मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें. इससे टेस्टी ड्रेसिंग तैयार हो जाएगी.
3. इसके बाद एक बड़े बाउल में कटा हुआ कच्चा आम और पका आम डालें, जिससे खट्टा और मीठा दोनों टेस्ट मिलेगा.
4. अब इसमें बारीक कटा प्याज और लाल शिमला मिर्च डालकर अच्छे से मिला दें जिससे सलाद में क्रंच और फ्रेशनेस आ जाए.
5. फिर इसमें पुदीना पत्तियां और कुटी हुई मूंगफली डालें, जिससे सलाद का टेस्ट और टेक्सचर और भी बेहतर हो जाए.
6. आखिर में तैयार ड्रेसिंग डालकर सबको अच्छे से मिक्स करें, और आपका फ्रेश, टंगी-स्वीट डबल मैंगो सलाद सर्व करने के लिए तैयार है. तैयार डबल मैंगो सलाद को तुरंत सर्व करें.
राइस पेपर कप कैसे बनाएं?
1. राइस पेपर शीट को आधा काट लें.
2. अब हल्का सा माइक्रोवेव करें जिससे यह फूलकर कुरकुरी बन जाए.
3. इसे कप या बाउल जैसा शेप दें.
4. इसके अंदर रोमेन लेट्यूस रखें.
5. अब ऊपर से तैयार मैंगो सलाद डालें.
यह भी पढ़ें – Lauki Ki Barfi Recipe: घर पर ऐसे बनाएं लौकी की बर्फी, नोट कर लें रेसिपी






