रणबीर से पहले उनके परदादा बने थे भगवान राम, 92 साल पहले आई थी फिल्म

रणबीर से पहले उनके परदादा बने थे भगवान राम, 92 साल पहले आई थी फिल्म


रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर जमकर तबाही मचा रही है. फिल्म में रणबीर ने भगवान श्री राम का किरदार निभाया है. इस किरदार में दर्शकों ने उन्हें काफी पसंद किया, लेकिन आपको ये जानकार हैरानी होगी कि उनके परदादा पृथ्वीराज कपूर तो आज से 92 साल पहले ही भगवान राम का किरदार बड़े पर्दे पर निभा चुके थे. आइए जानते हैं कि वो कब और किस मूवी में श्री राम के रोल में दिखाई दिए थे?

92 साल पहले पृथ्वीराज कपूर बने थे भगवान राम

रणबीर कपूर ने जहां साल 2026 में बड़े पर्दे पर फिल्म रामायण में श्री राम का किरदार निभाया है, तो वहीं उनके परदादा पृथ्वीराज कपूर उनसे 9 दशक पहले ये कारनामा कर चुके हैं. पृथ्वीराज कपूर ने भगवान श्री राम की भूमिका 92 साल पहले यानी साल 1934 में आई फिल्म ‘सीता’ में निभाई थी.

बता दें कि फिल्म में कपूर खानदान के एक और कलाकार त्रिलोक कपूर भी शामिल रहे. वो पृथ्वीराज कपूर के छोटे भाई थे जो मूवी में लव के किरदार में नजर आए थे. उन्होंने बाद में ‘राम भक्त हनुमान’ (1948) और ‘राम जन्म’ (1951) जैसी धार्मिक फिल्मों में भी काम किया था.

‘फिल्म’ सीता के नाम दर्ज हुई थी ऐतिहासक उपलब्धि

1934 में आई फिल्म सीता में माता सीता का किरदार एक्ट्रेस दुर्गा खोटे ने निभाया था. जबकि फिल्म का डायरेक्शन किया था देवकी कुमार बोस ने. वहीं फिल्म को प्रोड्यूस ईस्ट इंडिया कंपनी ने किया था. इस फिल्म ने अपने नाम दो बड़ी उलब्धि दर्ज कराई थी.

सीता फिल्म को 1934 में दूसरे ‘वेनिस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ में दिखाया गया था और ये किसी ‘इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ में दिखाई जाने वाली भारत की पहली बोलती फिल्म बनी थी. सीता को ‘ऑनररी डिप्लोमा’ से भी सम्मानित किया गया था.

पृथ्वीराज कपूर के बारे में

हिंदी सिनेमा में कपूर खानदान की शुरुआत करने वाले शख्स पृथ्वीराज कपूर ही थे. उनका जन्म पेशावर में हुआ था. बाद में उनका परिवार भारत आ गया. 1930 में वो फिल्म ‘सिनेमा गर्ल’ का हिस्सा रहे और 1931 में भारत की पहली बोलती फिल्म ‘आलम आरा’ के विलेन बने. उन्होंने 1944 में पृथ्वी थिएटर की शुरुआत भी की थी. एक्टर का साल 1972 में 65 साल की उम्र में निधन हो गया था.



Source link