राहुल गांधी का बड़ा आरोप, ‘रामलीला मैदान आने से रोकने की कोशिश कर रहे अमित शाह’

राहुल गांधी का बड़ा आरोप, ‘रामलीला मैदान आने से रोकने की कोशिश कर रहे अमित शाह’


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अमित शाह दूसरे राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हैं. राहुल गांधी ने कहा कि रामलीला मैदान में कितने लोग पहुंचते हैं और कितनों को रोका जाता है, यह सब जल्द ही सामने आ जाएगा.

राहुल गांधी ने 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं. उन्होंने बताया कि बारिश के कारण आज होने वाला कार्यक्रम एक दिन के लिए टाल दिया गया है. अब यह कार्यक्रम कल इसी समय आयोजित होगा. इसके अगले दिन विपक्षी दलों के नेता रामलीला मैदान तक मार्च निकालेंगे.

बारिश के कारण टाला गया आज का कार्यक्रम

राहुल गांधी ने कहा कि सभी नेताओं की सहमति से आज का कार्यक्रम कल तक के लिए टालने का फैसला लिया गया है. बारिश के कारण बुजुर्गों को खुले में बैठने में परेशानी हो सकती थी. इसलिए कार्यक्रम को एक दिन बाद आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम पहले की तरह ही होगा और समय भी वही रहेगा.

रामलीला मैदान तक मार्च निकालेगा विपक्ष

राहुल गांधी ने बताया कि कार्यक्रम के अगले दिन विपक्षी दलों के नेता रामलीला मैदान तक मार्च निकालेंगे. इसमें सभी विपक्षी दलों के साथ आम लोग, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, सिविल सोसायटी के सदस्य और पत्रकार भी शामिल हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होना चाहता है, उसका स्वागत है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि विपक्ष का विरोध देश के लोकतंत्र को कमजोर किए जाने और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर है.

‘अमित शाह लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश कर रहे’

राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह दूसरे राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. उनकी कोशिश है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से आने वाले पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग कार्यक्रम में शामिल न हो सकें. उन्होंने कहा, “अब आप देखिए कि रामलीला मैदान में क्या होता है. कितने लोग पहुंचते हैं और कितने लोगों को रोका जाता है, इससे आपको देश में क्या चल रहा है, यह समझ में आ जाएगा.”

‘लाखों लोगों के मतदान का अधिकार छीना जा रहा’

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में लाखों लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोगों के वोट छीने जा रहे हैं और इसका फायदा उद्योगपति गौतम अडानी, मुकेश अंबानी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को पहुंचाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि देश में लोगों के बीच इस मुद्दे को लेकर काफी नाराजगी और भावनात्मक पीड़ा है. राहुल गांधी के मुताबिक, यह अलग-अलग विरोध प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि एक ही मुद्दे पर पूरा विपक्ष एकजुट होकर विरोध कर रहा है.

‘संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट विपक्ष’

राहुल गांधी ने कहा कि सभी विपक्षी दल एक साथ खड़े हैं. इस विरोध में कोई भी व्यक्ति शामिल हो सकता है. उन्होंने कहा कि विपक्ष संविधान, भारत की मूल भावना और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट हुआ है. उन्होंने मतदान को हर भारतीय की आवाज बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में इस अधिकार की रक्षा करना जरूरी है.



Source link