राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर साधा निशाना, कहा- ‘हड्डियां तोड़ सकते हैं लेकिन…’

राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर साधा निशाना, कहा- ‘हड्डियां तोड़ सकते हैं लेकिन…’


लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है कि दिल्ली पुलिस हमारे छात्रों पर हमले के मामले में एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर रही है. आरोप लगाया कि केरल की अथिरा- राजस्थान की रितु समेत कई युवतियों को दिल्ली पुलिस ने पीटा है. 

राहुल ने कहा, ‘मैंने केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला और राजस्थान PCC अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से बात की है. केरल में एक ‘जीरो FIR’ दर्ज कर ली गई है. हम जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केरल, राजस्थान और अदालतों में हर कानूनी रास्ता अपनाएंगे. दिल्ली पुलिस की इस बर्बरता को यूं ही नहीं जाने दिया जाएगा.’

सरोजिनी नायडू का जिक्र कर क्या बोले राहुल? 

राहुल ने ऐतिहासिक घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘1930 में, धरासना में सरोजिनी नायडू के नेतृत्व में निहत्थे सत्याग्रहियों ने पुलिस की लाठियां खाईं. उनमें से किसी ने भी हाथ नहीं उठाया. पूरी दुनिया ने यह देखा.’

उन्होंने आगे कहा, ‘पुलिस हड्डियां तो तोड़ सकती है, लेकिन सत्याग्रह को नहीं तोड़ सकती. भारत के युवा, खासकर युवतियां, निडर हैं, दृढ़ हैं और एकजुट हैं. वे हमारे लोकतंत्र के लिए खड़े हैं, और मैं उनके साथ खड़ा हूं.’

राहुल ने छात्रों के साथ बातचीत का शेयर किया वीडियो

राहुल ने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी जारी किया है. इसमें एक छात्रा उन्हें पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करके बताती है कि एक महिला पुलिस ने उनसे कहा कि अगर आपने फोन नहीं दिया, तो आपको मार दिया जाएगा. इसके बाद राहुल गांधी केरल के गृह मंत्री को कॉल करते हैं. इसमें वह छात्रा की तरफ से एक एफआईआर दर्ज करने को कहते हैं.

राहुल इस वीडियो में उन बच्चों से बात करते हुए नजर आ रहे हैं, जिनका आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उनके साथ प्रताड़ना की है. राहुल गांधी ने छात्रों के साथ बातचीत का 12 मिनट का वीडियो शेयर किया है. वीडियो में नजर आ रहे वही छात्र हैं, जिनके साथ कुछ दिनों पहले लोकसभा नेता प्रतिपक्ष ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी.   



Source link