स्कूल में कम नंबर आने पर अक्सर बच्चों को उनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर ताने सुनने पड़ते हैं, लेकिन शुरुआती नतीजे किसी की काबिलियत की आखिरी पहचान नहीं होते. लखनऊ के तेजेश वैश की कहानी इसकी मिसाल है. क्लास 5 में 48% अंक पाने वाला तेजेश आगे चलकर करोड़ों रुपये की कमाई करेगा, शायद उस वक्त किसी ने सोचा भी नहीं होगा. आज वह दुबई में एक AI कंपनी की इंजीनियरिंग टीम को जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
तेजेश वैश के पिता की छोटी सी मिठाई की दुकान है, लेकिन तेजेश ने अपनी मेहनत के दम पर IIT कानपुर से पढ़ाई की और अब सालाना करीब 2.5 करोड़ रुपये कमाते हैं.
क्या है तेजेश वैश की कहानी?
तेजेश के पिता लखनऊ में मिठाई की छोटी-सी दुकान चलाते थे. पढ़ाई के शुरुआती दिनों में उनके कुछ खास नंबर नहीं आए थे, लेकिन धीरे-धीरे उनकी पढ़ाई में सुधार किया. बड़ी बात यह है कि उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत से 10वीं में करीब 94 और 12वीं में 95% अंक हासिल किए. इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने एक साल का ब्रेक लिया. इसके बाद उनकी मेहनत रंग लाई और UPSEE 2019 में नौवीं रैंक हासिल कर IIT कानपुर में दाखिला लिया.
स्कॉलरशिप और इंटर्नशिप से मिली मदद
IIT में पढ़ाई के दौरान तेजेश ने रिसर्च, इंटर्नशिप और ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट्स में हिस्सा लिया. पढ़ाई के दौरान उन्हें पीडी मूर्ति स्कॉलरशिप मिली, जिससे परिवार पर पढ़ाई का आर्थिक बोझ भी कम हुआ. उन्होंने सिक्यूरोनिक्स और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स में इंटर्नशिप की और रिसर्च प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया.
साल 2023 में उन्होंने 9.14 CPI के साथ ग्रेजुएशन पूरा किया. 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उनका सफर शुरुआती पढ़ाई में कमजोर प्रदर्शन से लेकर AI के क्षेत्र में बड़ी जिम्मेदारी तक पहुंचने का उदाहरण है.
दुबई में संभाल रहे AI इंजीनियरिंग की जिम्मेदारी
रिपोर्ट के मुताबिक, तेजेश फिलहाल दुबई की Lumian.ai में AI इंजीनियरिंग लीड हैं. उनके काम में Amazon ब्रांड्स के लिए AI एजेंट तैयार करना और उन्हें सुरक्षित व भरोसेमंद बनाने वाले सिस्टम विकसित करना शामिल है.
SBI ग्राहकों का डेटा लीक, बैंक ने एक महीने बाद दर्ज कराई FIR






