तेल रिफाइनरी और ऑयल डिपो पर हुई ड्रोन अटैक से भन्नाए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर जबरदस्त हमलों की इजाजत दे दी है. नतीजा, पिछले 24 घंटों से पूरा कीव दहल उठा है. पिछले चार साल में कीव पर हुए सबसे बड़े अटैक में 10 लोगों की जान चली गई है और 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. जमींदोज हुई मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में कई लोगों के दबे होने की भी खबर है.
हमलों से घबराए यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की को अपनी आयरलैंड की यात्रा को बीच में छोड़कर स्वदेश लौटना पड़ा है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेलेंस्की ने खुद इस बात की जानकारी मीडिया को दी. जेलेंस्की ने कीव के रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित जगहों पर छिपने की सलाह दी है. साथ ही एयर-रेड अलर्ट पर ध्यान रखने का आह्वान किया है ताकि हमलों से कम क्षति हो पाए.
एयरक्राफ्ट-हाइपरसोनिक मिसाइलों से किए ताबड़तोड़ हमले
रूस ने कीव पर हमले के लिए स्ट्रेटेजिक बॉम्बर (एयरक्राफ्ट) और हाइपरसोनिक मिसाइलों से ताबड़तोड़ हमले किए हैं. अकेले कीव में 28 अलग-अलग लोकेशन पर रूस ने ये हवाई हमले किए हैं. इन हमलों में राजधानी कीव के दो पांच सितारा होटल भी शामिल हैं. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, कीव के एनर्जी सेक्टर और सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं. यूक्रेनी सेना के कमांडर्स ने इन होटल में अपना ठिकाना बना रखा था. ऐसे में होटल को निशाना बनाया गया है.
पुतिन की कीव पर मिसाइल अटैक को हरी झंडी
पिछले कुछ हफ्तों से यूक्रेन ने एक के बाद एक रूस की कई तेल रिफाइनरी, ऑयल टर्मिनल और मिलिट्री इंडस्ट्रियल कॉम्पलेक्स पर ड्रोन अटैक कर जबरदस्त क्षति पहुंचाई है. इसका बदला लेने के लिए पुतिन ने कीव पर मिसाइल अटैक को हरी झंडी दे दी. पिछले चार साल में कीव पर कम हमले देखे गए थे.
बुधवार (1 जुलाई) को पुतिन ने सिक्योरिटी काउंसिल की मीटिंग की थी. इस मीटिंग में पुतिन सहित कई आला अधिकारी, लाल फोल्डर वाली फाइल के साथ बैठे दिखे थे. हालांकि, रूस ने मीटिंग की जानकारी सार्वजनिक नहीं की थी, लेकिन ये माना जाता है कि लाल फाइल का इशारा स्ट्रेटेजिक हथियारों से हमलों की तरफ होता है.
पुतिन की मीटिंग के बाद कीव और यूक्रेन के दूसरे इलाकों में हमले शुरु हुए. ओडेशा प्रांत में भी रूस ने यूक्रेन की एक ड्रोन बनाने वाली फैसिलिटी पर अटैक किया. इस हमले का ड्रोन वीडियो भी रूसी रक्षा मंत्रालय ने जारी किया है. इसके अलावा रूसी सेना ने वॉर जोन में यूक्रेन के स्टार लिंक टर्मिनल्स को ड्रोन हमलों से उड़ाना शुरु कर दिया है. इन स्टार लिंक टर्मिनल का इस्तेमाल, यूक्रेनी सेना रूस पर ड्रोन अटैक करने के लिए कर रही थी.
क्या बोले जेसेंस्की?
हमलों के बाद जेलेंस्की ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन युद्ध खत्म नहीं करना नहीं चाहते. जेलेंस्की ने लिखा कि ‘हमने सभी आधिकारिक और नॉन-ऑफिसियिल चैनल्स के जरिए पुतिन को संदेश भिजवाया है युद्ध रोकने के लिए, लेकिन रूस के हमले बढ़ने जारी हैं.’ यूक्रेनी राष्ट्रपति के मुताबिक, पुतिन पूरे यूरोप के खिलाफ है.
वेनेजुएला में लाल हुआ पूरा आसमान, वायरल VIDEO देख सहमे लोग; आखिर क्या है इस रहस्यमयी नजारे का सच?
पिछले चार साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध रूकने का नाम नहीं ले रहा है.रूस ने यूक्रेन के डोनबास प्रांत का करीब 90 प्रतिशत कब्जा कर लिया है. पिछले हफ्ते जेलेंस्की ने बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको के जरिए पुतिन को युद्ध को डोनबास प्रांत तक सीमित करने का प्रस्ताव दिया था. लेकिन पुतिन ने ये प्रस्ताव मानने से इंकार कर दिया था. पुतिन के मुताबिक, डोनबास के साथ-साथ रूसी सेना यूक्रेन के सुमी और खारकीव प्रांत में भी लगातार आगे बढ़ रही है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में कहा था कि ईरान जंग के बाद यूक्रेन की तरफ (शांति वार्ता) के लिए रूख किया जाएगा. लेकिन ईरान डील में व्यस्त होने के कारण अमेरिका भी रूस-यूक्रेन जंग में टांग फंसाने से बच रहा है.





