- कर्मचारियों में अनिश्चितता, नई स्किल सीखने की बढ़ रही है जरूरत।
Tech Layoffs 2026: दुनिया भर की बड़ी टेक कंपनियों में इस समय छंटनी का दौर लगातार जारी है. साल 2026 में अब तक हजारों कर्मचारी अपनी नौकरी गंवा चुके हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मई 2026 के दो हफ्तों में ही करीब 25 हजार टेक कर्मचारियों की नौकरी चली गई. सबसे बड़ी बात ये है कि ज्यादातर कंपनियां अब AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर ज्यादा फोकस कर रही हैं और इसी वजह से कर्मचारियों की संख्या कम की जा रही है. यहां से जानें वो कौन सी कंपनियां हैं, जो ले ऑफ कर रही हैं या कर चुकी हैं और छटनी का असली कारण क्या है, इसकी जानकारी भी यहां दी गई है.
कौन-कौन सी कंपनियों ने निकाले कर्मचारी?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक PayPal, Cisco और Cloudflare जैसी बड़ी कंपनियों ने हजारों कर्मचारियों की छंटनी की है. सबसे ज्यादा चर्चा PayPal की हो रही है. कंपनी अगले कुछ सालों में अपनी लगभग 20 प्रतिशत वर्कफोर्स कम करने की तैयारी में है. रिपोर्ट्स देखें तो इससे करीब 4700 से ज्यादा कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं. कंपनी अब AI और ऑटोमेशन पर ज्यादा निवेश करना चाहती है. वहीं, Cisco ने भी करीब 4000 नौकरियां खत्म करने का फैसला लिया है. कंपनी का कहना है कि अब वह AI और तेजी से बढ़ते टेक सेक्टर पर फोकस करना चाहती है.
अब ये वाला टैक्स खत्म करने की तैयारी में सरकार! किसे और कैसे मिलेगा फायदा? जल्द लग सकती है मुहर
क्या है छटनी की वजह?
पहले कंपनियां लागत कम करने या बिजनेस घाटे की वजह से कर्मचारियों को निकालती थीं, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है. अब AI को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है. कई कंपनियों का कहना है कि AI की मदद से कई काम तेजी और कम लागत में हो रहे हैं. ऐसे में कंपनियां छोटी टीम के साथ ज्यादा काम करना चाहती हैं. यही वजह है कि टेक सेक्टर में लगातार रिस्ट्रक्चरिंग यानी बदलाव देखने को मिल रहा है.
लिंक्डइन से लेकर फ्रेशवर्क्स तक असर
छंटनी की मार सिर्फ अमेरिकी कंपनियों तक सीमित नहीं है. लिंक्डइन, फ्रेशवर्क्स, कॉइनबेस और ट्रूकॉलर जैसी कंपनियां भी कर्मचारियों की संख्या घटा रही हैं. फ्रेशवर्क्स ने करीब 500 कर्मचारियों की छंटनी की है. कंपनी का कहना है कि AI की वजह से काम करने का तरीका तेजी से बदल रहा है.
कर्मचारियों में बढ़ रही चिंता
लगातार हो रही छंटनी की वजह से टेक इंडस्ट्री में काम करने वाले लोगों के बीच डर और अनिश्चितता बढ़ रही है. सोशल मीडिया और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म पर भी लोग नौकरी को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं. कई लोग मानते हैं कि आने वाले समय में AI की वजह से और नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं. हालांकि, कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि AI पूरी तरह इंसानों की जगह नहीं ले सकता. नए दौर में वही लोग ज्यादा सुरक्षित रहेंगे जो नई टेक्नोलॉजी सीखते रहेंगे और खुद को लगातार अपडेट करेंगे.
इस राज्य ने फ्यूल पर घटा दिया VAT, 18% से सीधे 7% किया, महंगाई के बीच जनता को मिली राहत
क्या करना चाहिए?
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में टेक कंपनियों में रिस्ट्रक्चरिंग और बढ़ सकती है. कंपनियां अब कम कर्मचारियों के साथ ज्यादा काम करने की प्लानिंग पर काम कर रही हैं. फिलहाल टेक सेक्टर में नौकरी करने वालों के लिए सबसे जरूरी चीज है नई स्किल सीखना और AI के साथ काम करने की क्षमता बढ़ाना, क्योंकि अब इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है और आने वाला समय पूरी तरह टेक्नोलॉजी और ऑटोमेशन का माना जा रहा है.






