आईपीएल 2026 में 64वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुआ था. इस मुकाबले में आरआर के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी. इस मैच में एलएसजी के तेज गेंदबाज आकाश सिंह की जमकर धुनाई हुई. उन्होंने सिर्फ 3 ओवर में 54 रन लुटा दिए. पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी के बाद आकाश सिंह अपने अलग अंदाज वाले सेलिब्रेशन को लेकर चर्चा में थे. हर विकेट के बाद वो जेब से पर्ची निकालकर दिखाते नजर आए थे. लेकिन राजस्थान के खिलाफ कहानी पूरी तरह बदल गई.
आकाश सिंह पर भड़के सुनील गावस्कर
एलएसजी ने 220 रन के बड़े पहाड़ खड़े किए. लेकिन यह टारगेट पूरा करना यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी के लिए बच्चों का खेल जैसा था. टारगेट को बचाने उतरी लखनऊ की टीम को शुरुआत में विकेट जरूर मिला, लेकिन इसके बाद गेंदबाजों की हालत खराब हो गई. आकाश सिंह ने यशस्वी जायसवाल को आउट किया, मगर उसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने उनकी लाइन-लेंथ बिगाड़ दी.
वैभव ने आकाश की गेंदों पर चौके-छक्कों की बरसात कर दी. मैदान पर आकाश पूरी तरह बेबस दिखे. कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर भी आकाश के रवैये से खुश नहीं दिखे. उन्होंने आकाश के तरफ इशारा करते हुए लाइव कमेंट्री में कहा, ‘अब कहां है वो पर्ची? जेब में ही है ना? अब क्यों नहीं दिखा रहे? खिलाड़ियों में थोड़ा शांत स्वभाव भी होना चाहिए. एक गेंद पर विकेट मिल जाए तो ठीक है, लेकिन बाकी गेंदों पर अगर बल्लेबाज पीट दे तो फिर ज्यादा उड़ना सही नहीं लगता.’
यह भी पढ़ें- विराट कोहली बनें IPL में कमाई के सिकंदर, जानिए कितने करोड़ अबतक कमाए, रोहित-धोनी किस नंबर पर जानिए
गावस्कर ने आगे कहा कि आकाश ने सिर्फ 17 गेंदों में 48 रन दे दिए, ऐसे में ज्यादा एटीट्यूड दिखाना ठीक नहीं है. दरअसल, सीएसके के खिलाफ मैच में आकाश सिंह ने 26 रन देकर 3 विकेट लिए थे. उसी मैच में उनका पर्ची वाला सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. हालांकि बाद में आकाश ने अपनी सफाई देते हुए बताया था कि वो सेलिब्रेशन किसी खिलाड़ी को चिढ़ाने के लिए नहीं था. वो खुद को मोटिवेट करने के लिए ऐसा कर रहे थे.






