पूर्व आईपीएल चेयरमैन और क्रिकेट प्रशासक ललित मोदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘क्रिकेट का बड़ा प्रशंसक’ बताते हुए कहा कि उनके और पीएम मोदी के बीच ज्यादातर बातचीत अहमदाबाद में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को लेकर होती थी. लंदन में ANI को दिए एक विशेष इंटरव्यू में ललित मोदी ने कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा गुजरात में क्रिकेट के विकास में गहरी दिलचस्पी दिखाई.
‘हमारी बातचीत सिर्फ क्रिकेट को लेकर होती थी’
ललित मोदी ने कहा, ‘नरेंद्र मोदी क्रिकेट के बड़े प्रशंसक थे. अहमदाबाद में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर उनकी दिलचस्पी थी और हमारी बातचीत क्रिकेट तक सीमित थी.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं नरेंद्र मोदी के करीब था, लेकिन वह नजदीकी क्रिकेट को लेकर थी, राजनीति को लेकर नहीं.’
नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर बयान के बाद छिड़ी थी बहस
ललित मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब हाल ही में उन्होंने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को लेकर एक बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि अगर मौका मिले तो वह इस स्टेडियम को गिराकर दोबारा बनाएंगे ताकि दर्शकों को और बेहतर अनुभव मिल सके. दुनिया के प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में गिने जाने वाले इस मैदान को लेकर दिए गए उनके बयान के बाद काफी चर्चा हुई थी.
https://www.youtube.com/watch?v=X5ZgD3Pd1uw
‘मैं स्टेडियम की आलोचना नहीं कर रहा था’
अपने पुराने बयान को स्पष्ट करते हुए ललित मोदी ने कहा कि वह स्टेडियम की आलोचना नहीं कर रहे थे, बल्कि भारतीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए और बड़े विजन की बात कर रहे थे. उन्होंने कहा, ‘आज यह भारत का सबसे अच्छा स्टेडियम है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है. मैंने कहा था कि मैं इसे गिरा दूंगा. अगर मैं इसे गिराने की बात करता हूं तो बाकी स्टेडियमों को भी गिराना होगा. मैंने साफ कहा था कि यह आज भारत का सबसे बेहतरीन स्टेडियम है. लेकिन अगर मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर का फैन एक्सपीरियंस देना हो, तो मैं इसे भी दोबारा बनाऊंगा.’
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स के ट्रायल्स से बाहर हुईं विनेश फोगाट, फिर भी जिद पर अड़ा WFI तो सुप्रीम कोर्ट ने दिया ये जवाब
यह भी पढ़ें:- ‘छापा डलवा दूंगा अगर…’, सुनंदा पुष्कर को लेकर कॉल पर भिड़ गए थे शशि थरूर? ललित मोदी ने हॉट टॉक की बताई स्टोरी
दुनिया के बड़े स्टेडियमों से की तुलना
ललित मोदी का कहना है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पास आज जितनी आर्थिक ताकत और वैश्विक प्रभाव है, उसे देखते हुए भारत को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित खेल मैदानों की बराबरी करने वाले स्टेडियम बनाने चाहिए. उन्होंने कहा, ‘आज आप वेम्बली स्टेडियम, लॉर्ड्स, बार्सिलोना का कैंप नो, मैनचेस्टर यूनाइटेड का ओल्ड ट्रैफर्ड और मैनचेस्टर सिटी का एतिहाद स्टेडियम देखिए. ये सभी हमारे किसी भी स्टेडियम से कहीं बेहतर हैं. आज BCCI के पास पहले से कहीं ज्यादा पैसा है, इसलिए हमें और बड़े स्तर पर सोचना चाहिए.’






