Can Balcony Plants Reduce Indoor Heat: गर्मी के मौसम में घर को ठंडा रखना बड़ी चुनौती बन जाता है. एयर कंडीशनर और कूलर राहत तो देते हैं, लेकिन बिजली का खर्च भी बढ़ाते हैं. ऐसे में अगर आपका बालकनी गार्डन घर के तापमान को प्राकृतिक तरीके से कम करने में मदद करे, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है. दिलचस्प बात यह है कि साइंटफिक रिसर्च भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि सही पौधे न केवल वातावरण को हरा-भरा बनाते हैं, बल्कि घर के अंदर की गर्मी भी कम कर सकते हैं.
कैसे पौधे घर के अंदर गर्मी कम करते हैं?
पौधे इवैपोट्रांसपिरेशन नामक प्रक्रिया के जरिए अपने आसपास का तापमान घटाते हैं. इस प्रक्रिया में पौधे अपनी पत्तियों से नमी छोड़ते हैं और जब यह नमी वाष्पित होती है तो आसपास की हवा से गर्मी को अवशोषित कर लेती है. इसी वजह से पौधों के आसपास का वातावरण अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होता है. एनर्जी एंड बिल्डिंग्स में पब्लिश एक स्टडी में पाया गया कि बालकनी में गमलों और ग्रीन वॉल के संयोजन से घर के अंदर का तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है, जबकि बालकनी की सतह का तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है.
इसे भी पढ़ें: मसालदानी में रखी हल्दी असली है या नकली, ऐसे करें पहचान
छोटे-छोटे ग्रीन स्पेस बनाना भी बड़ा बदलाव
गार्डन डिजाइनर और पीपल की संस्थापक दीप्ति अग्रवाल का कहना है कि भारत में हर साल गर्मी और भीषण होती जा रही है. लोग अक्सर एल-नीनो जैसे जलवायु कारकों को जिम्मेदार मानते हैं, लेकिन शहरी क्षेत्रों में बढ़ता अर्बन हीट आइलैंड इफेक्ट भी बड़ी वजह है. शहरों में हरियाली घटने और कंक्रीट बढ़ने से तापमान लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में घरों में छोटे-छोटे ग्रीन स्पेस बनाना भी बड़ा बदलाव ला सकता है.
भारत में किए गए एक अन्य अध्ययन, जो ग्रेटर नोएडा में हुआ था, में पाया गया कि टेरेस गार्डन गर्मियों में छत का तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकता है. दीप्ति अग्रवाल के अनुसार, ऐसे पौधों का चयन करना जरूरी है जो घनी हरियाली प्रदान करें और ज्यादा पत्तियों के जरिए वातावरण को ठंडा रखें. उनका कहना है कि बोगनवेलिया जैसे लोकप्रिय विदेशी पौधे गर्मी सहन तो कर लेते हैं, लेकिन उनकी पत्तियां कम और छोटी होती हैं, इसलिए वे वातावरण को ठंडा करने में उतने प्रभावी नहीं होते.
किन पौधों का कर सकते हैं चयन?
बालकनी या छत के लिए ट्रेलिस लगाकर प्राकृतिक ग्रीन वॉल तैयार की जा सकती है. इसके लिए थुनबर्गिया ग्रैंडिफ्लोरा, मधुमालती , अपराजिता और चमेली जैसे तेजी से बढ़ने वाले बेलदार पौधे अच्छे विकल्प माने जाते हैं. इसके अलावा लेयर्ड प्लांटेशन तकनीक भी उपयोगी है, जिसमें अलग-अलग ऊंचाई वाले पौधों को एक साथ लगाया जाता है ताकि उनकी छाया एक-दूसरे पर पड़ती रहे और सूरज की सीधी किरणें नीचे तक न पहुंचें. धूप वाली बालकनी में इक्सोरा, सोन चंपा, नाग चंपा, पारिजात , गुड़हल और कनेर जैसे पौधे लगाए जा सकते हैं. वहीं नींबू और करी पत्ता जैसे खाद्य पौधे भी घनी पत्तियों के कारण बेहतर विकल्प हैं. ये पौधे न सिर्फ घर को ठंडा रखने में मदद करते हैं, बल्कि जैव विविधता को भी बढ़ावा देते हैं और घर के वातावरण को अधिक आरामदायक बनाते हैं.
इसे भी पढ़ें: Fridge Smell Removal Tips: फ्रिज से नहीं जा रही बदबू, ये हैक्स आएंगे आपके बहुत काम






