अहमदाबाद एअर इंडिया प्लेन क्रैश का एक साल पूरा, जांच कर रही टीम ने कहा- ‘मामले में हुई प्रगति

अहमदाबाद एअर इंडिया प्लेन क्रैश का एक साल पूरा, जांच कर रही टीम ने कहा- ‘मामले में हुई प्रगति


गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून, 2025 को एअर इंडिया एयरलाइन की फ्लाइट AI-171 के क्रैश को आज एक साल पूरा हो गया है. इस प्लेन क्रैश में विमान में मौजूद 242 में से 241 यात्री और जमीन पर मौजूद 19 यानी कुल 260 लोगों की जान गई थी. इस हादसे के पीछे के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच आज एक साल बाद भी जारी है.

वहीं, हादसे की जांच कर रही एजेंसी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने घटना के एक साल पूरे होने पर हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति दुख जताया है और कहा है कि मामले में जांच अभी भी जारी है.

AAIB ने जांच को लेकर क्या दी जानकारी?

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने हादसे के एक साल पूरे होने पर आधिकारिक रूप से एक बयान जारी किया है. बयान में AAIB ने कहा कि जांच नियमों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से चल रही है. हादसे की पहली रिपोर्ट 12 जुलाई, 2025 को आई थी, जिसमें सिर्फ तथ्य बताए गए थे.

एजेंसी ने कहा कि पिछले एक साल में जांच टीम ने हर पहलू को बारीकी से देखा है. विमान के सिस्टम, फ्लाइट रिकॉर्डर का डेटा, इंजन के पुर्जे और रख-रखाव के रिकॉर्ड की जांच में काफी प्रगति हुई है. इस काम में देश से लेकर विदेश के एक्सपर्ट भी मदद कर रहे हैं. 

कब आएगी हादसे की आखिरी जांच रिपोर्ट? 

बयान के मुताबिक, अभी सारे सबूतों का विश्लेषण चल रहा है. जहां जरूरत होगी वहां और तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि हर नतीजा पक्के सबूतों पर आधारित हो. हालांकि, फाइनल रिपोर्ट कब आएगी इस पर एजेंसी ने कोई तारीख नहीं बताई है. AAIB ने सिर्फ इतना कहा है कि जांच का पूरा काम और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत जरूरी समीक्षा पूरी होने के बाद ही फाइनल रिपोर्ट जारी होगी. 

जांच पूरी होने तक न लगाएं कोई अटकलें- AAIB

AAIB ने लोगों और मीडिया से अपील करते हुए कहा कि जांच का मकसद किसी पर दोष लगाना नहीं, बल्कि हवाई सफर को और सुरक्षित बनाना है. इसलिए जब तक जांच पूरी न हो जाए, तब तक अटकलें न लगाई जाएं. आखिर में एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि हादसे के हर पहलू की पूरी सावधानी से जांच होगी, ताकि नतीजों पर सबका भरोसा बना रहे.

यह भी पढ़ेंः Ahmedabad Plane Crash: आकाश की मां- ‘विमान का पंख बेटे पर गिरा’, पायलट के पिता बोले- ‘बेटा निर्दोष’, पढ़ें पीड़ित परिवारों की मुंहजबानी





Source link