कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के आरआर नगर के इलाके में पॉपुलर कन्नड़ अभिनेत्री कृषि थापंडा (Krishi Thapanda) के घर पर एक 45 वर्षीय व्यक्ति के मृत पाए जाने से सनसनी फैल गई है. मृतक का शव कृषि के घर में फंदे से झुलता हुआ मिला था, जिसकी पहचान वैशाक उपाध्याय के रूप में हुई है. वैशाक अपने पीछे पत्नी और एक 14 वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं.
पुलिस ने मामले की गंभीरता से शुरू की जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह घटना बुधवार (24 जून, 2026) की देर रात को सामने आया है, जब देर रात बंगारप्पा गुड्डा के पास स्थित एलिगेंट टैरेस के अपार्टमेंट के एक फ्लैट में वैशाक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. इस घटना की सूचना मिलते ही आरआर नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई.
अभिनेत्री के घर क्यों गया था मृतक?
सूत्रों ने बताया कि मृतक के वैवाहिक जिंदगी में उतार-चढ़ाव चल रहा था. बिजनेसमैन एवीआर रेड्डी की तरफ से दर्ज कराए गए एक मामले के बाद से मृतक वैशाक और उसकी पत्नी की बीच अक्सर विवाद होते रहते थे. इन वैवाहिक मतभेदों की वजह से वह अक्सर अभिनेत्री कृषि थापंडा के घर पर रूक जाता था और बुधवार (24 जून, 2026) को भी वो वहां आया था.
दरअसल, वैशाक को पहले बिजनेसमैन एवीआर रेड्डी को कथित तौर पर धमकी देने के मामले में गिरफ्तार भी किया जा चुका था और यह मामला राजधानी के एचएएल पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था.
घटना के दौरान फ्लैट में मौजूद नहीं थी अभिनेत्री
वहीं, पुलिस ने यह भी बताया कि जिस वक्त यह घटना अभिनेत्री के घर पर घटी, उस वक्त कृषि थापंडा अपार्टमेंट में मौजूद नहीं थीं. वह इस वक्त महादेवपुरा के नजदीक स्थित क्षेमवन में एक मेडिटेशन प्रोग्राम में भाग लेने के लिए गई हुई थीं. स्थानीय पुलिस फिलहाल, वैशाक की मृत्यु के पीछे के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए गंभीरता से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ेंः जिसकी हुड्डी से हुआ केतन अग्रवाल हत्याकांड का खुलासा, वो शख्स कौन है चेतन चौधरी?






