भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि ट्रंप भारत आने के लिए काफी उत्सुक हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न्योता स्वीकार करने की इच्छा रखते हैं. वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी संकेत दिए हैं कि ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि ट्रेड डील और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के लिए यह दौरा काफी अहम हो सकता है.
सर्जियो गोर ने क्या कहा?
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि फिलहाल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन वह खुद कुछ घंटे पहले ही ओवल ऑफिस में ट्रंप के साथ थे. गोर ने बताया कि बातचीत के दौरान ट्रंप ने खुद पूछा, ‘मैं भारत कब आ रहा हूं?’ इससे साफ है कि वह भारत आने को लेकर बेहद उत्साहित हैं. गोर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को भारत आने का निमंत्रण दिया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि यह दौरा जरूर होगा.
IANS Exclusive
Washington DC, US: When asked about US President Donald Trump’s possible visit to India next year, US Secretary of State Marco Rubio says, “We’re hoping that’s what we’re working towards – sometime early next year to have the President come. I think it’s very… pic.twitter.com/soumURKZ91
— IANS (@ians_india) June 27, 2026
मार्को रुबियो ने भी दिए संकेत
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका की कोशिश है कि राष्ट्रपति ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करें. उन्होंने बताया कि वह खुद इस साल के अंत तक भारत आने की योजना बना रहे हैं, ताकि राष्ट्रपति के संभावित दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके.
रुबियो ने कहा कि भारत अमेरिका का बेहद करीबी साझेदार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत व्यक्तिगत रिश्ते दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाते हैं.
ट्रेड डील आखिरी चरण में
रुबियो ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि दोनों देश समझौते को अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं और बातचीत काफी सकारात्मक रही है. उन्होंने कहा, ‘हमारी प्रधानमंत्री मोदी के साथ शानदार बैठक हुई. ट्रेड डील अब आखिरी चरण में है और हमें उम्मीद है कि इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा.’
यह भी पढ़ें: सुनील शेट्टी की 15 महीने की नातिन है नरेंद्र मोदी की फैन, एक्टर बोले- रोज सुबह उनकी फोटो को लड्डू खिलाती है
2020 के बाद ट्रंप का पहला भारत दौरा
अगर यह यात्रा तय कार्यक्रम के मुताबिक होती है, तो फरवरी 2020 के बाद यह डोनाल्ड ट्रंप का पहला भारत दौरा होगा. वहीं, दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद भी यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी. ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की पिछली मुलाकात फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, जो 16 महीने बाद दोनों नेताओं की पहली द्विपक्षीय बैठक थी.
क्वाड और रणनीतिक साझेदारी पर भी रहेगा फोकस
मार्को रुबियो ने कहा कि दोनों देश क्वाड समूह की अगली बैठक का भी इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत तक वह भारत आएंगे और राष्ट्रपति ट्रंप के दौरे की तैयारियों को आगे बढ़ाएंगे.
यह भी पढ़ें: ‘अब ब्लेम गेम नहीं…’, अमेरिका ने मिसाइल-ड्रोन साइट्स पर किया अटैक तो भड़का ईरान, कहा- US के असफल राष्ट्रपति ने…
‘मोदी ने भारत को वैश्विक ताकत बनाया’
रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनके प्रशंसक हैं. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्थिति पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई है. उनके मुताबिक, ‘मोदी ने भारत को एक वैश्विक शक्ति बना दिया है.’
ऊर्जा क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोग
ऊर्जा सहयोग पर रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका मिलकर ऊर्जा आपूर्ति बढ़ाने पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जिनके पास भारी कच्चे तेल (हेवी क्रूड) को रिफाइन करने की क्षमता है. ऐसे में आने वाले समय में दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में भी सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है.





