इजरायल और अमेरिकी मीडिया ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ के बीच एक रिपोर्ट को लेकर विवाद पैदा हो गया है. रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान को उन संभावित इजरायली साजिशों के बारे में चेतावनी दी थी, जिनका मकसद परमाणु वार्ता में शामिल ईरान के वरिष्ठ नेताओं की हत्या करना था.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब द न्यूयॉर्क टाइम्स ने गुरुवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से एक रिपोर्ट छापी. रिपोर्ट के अनुसार वॉशिंगटन ने अप्रैल में तेहरान को चेतावनी दी थी कि ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ इजरायल का निशाना बन सकते हैं.
इस रिपोर्ट को खारिज करते हुए इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर बयान जारी किया. बयान में कहा गया कि हमेशा की तरह इजरायल और ईरानी वार्ताकारों के बारे में द न्यूयॉर्क टाइम्स की ताजा खबर झूठी है. यह असलियत से पूरी तरह अलग और मनगढ़ंत कहानी है. इसके बाद भी न्यूयॉर्क टाइम्स अपनी रिपोर्टिंग पर कायम रहा और इजरायली सरकार की आलोचना का जवाब दिया.
द न्यूयॉर्क टाइम्स का जवाब
अमेरिकी मीडिया ने इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय को जवाब देते हुए पोस्ट किया, “हम अपनी इस तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग पर कायम हैं, जो मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत पर आधारित है. खबर छपने से पहले वाशिंगटन में इजरायली दूतावास ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था.”
‘अराघची-गालिबाफ की हत्या पर विचार कर रहा था इजरायल’
NYT की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ अमेरिकी अधिकारियों का मानना था कि 8 अप्रैल को हुए पहले सीजफायर के बाद इजरायल अराघची और गालिबाफ की हत्या करने पर विचार कर रहा था. तेहरान ने इन दोनों ईरानी अधिकारियों को अमेरिका के साथ परमाणु बातचीत में शामिल होने के लिए चुना था. रिपोर्ट में कहा गया है कि वॉशिंगटन को चिंता थी कि ईरान के अंदर हत्याओं के बड़े अभियान के बीच इजरायल उन्हें अपने अगले टारगेट के तौर पर देख सकता है.
The Prime Minister’s Office:
As usual, The New York Times’ latest story about Israel and the Iranian negotiators is fake news.
A complete fabrication of reality.
— Prime Minister of Israel (@IsraeliPM) July 3, 2026
रिपोर्ट में ईरानी संसद के स्पीकर गालिबाफ से जुड़ा अहम दावा किया गया है. NYT के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों का मानना था कि इजरायल गालिबाफ को निशाना बनाने की योजना बना रहा था, जब वे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ बातचीत के बाद 12 अप्रैल को इस्लामाबाद से तेहरान लौट रहे थे.
मशहद में आपातकालीन लैंडिंग
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी अधिकारियों ने तेहरान को जानकारी दी कि इजरायल के 2 लड़ाकू विमान इराक के रास्ते ईरानी हवाई क्षेत्र में घुस आए थे और वापसी की यात्रा के दौरान गालिबाफ के विमान को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे. चेतावनी मिलने के बाद ईरानी अधिकारियों ने कथित तौर पर यह जानकारी विमान तक पहुंचाई. रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद गालिबाफ ने उत्तरी ईरान के मशहद में आपातकालीन लैंडिंग की.
ये भी पढ़ें
भारत का बड़ा एक्शन, लश्कर-जैश के 23 आतंकियों को घोषित किया टेररिस्ट, बिलबिला उठेगा पाकिस्तान





