Mosquito Mystery: अपने कई बार महसूस किया होगा या देखा होगा की एक ही जगह बैठे लोगों में से किसी एक को मच्छर जियादा काटते हैं, तो वहीं पास बैठे इंसान को मच्छर बिल्कुल नहीं काटता यह महज इतफाक नहीं है. वैज्ञानिकों के मुताबिक मच्छर पहले दूर से सांस के साथ निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड को महसूस करते हैं, फिर शरीर की गंध, गर्मी और नमी जैसे संकेतों की मदद से अपने लक्ष्य के करीब पहुंचते हैं.
शरीर की गंध और गर्मी बनती है बड़ी वजह
हर इंसान के शरीर की गंध अलग होती है, क्योंकि त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया पसीने और त्वचा से निकलने वाले पदार्थों को बदलकर ऐसे केमिकल बना देते हैं जिनकी गंध मच्छरों को आकर्षित करती है. 2022 की एक रिसर्च में पाया गया कि जिन लोगों की त्वचा से कुछ खास कार्बोक्सिलिक एसिड ज्यादा निकलते थे, वे Aedes aegypti मच्छरों के लिए ज्यादा आकर्षक थे, और 2026 की एक हालिया रिसर्च ने भी शरीर की गंध और मच्छरों की पसंद के बीच संबंध पाया है. इसका मतलब यह कतई नहीं कि साफ-सफाई की कमी से मच्छर ज्यादा काटते हैं. यह गंध माइक्रोबायोम, जेनेटिक्स और शरीर के केमिकल्स जैसी प्राकृतिक चीजों से बनती है. इसी तरह अगर शरीर गर्म है या पसीना ज्यादा आ रहा है, तो मच्छरों के लिए पहचानना आसान हो जाता है, यही वजह है कि एक्सरसाइज या मेहनत के बाद मच्छर ज्यादा काटते हैं.
इसे भी पढ़ें: कपड़े धोने के बाद भी रह जाती है बदबू, डिटर्जेंट नहीं ये चीजें बदलें
क्या ब्लड ग्रुप और गर्भावस्था से भी पड़ता है फर्क?
ब्लड ग्रुप को लेकर अक्सर यह धारणा रही है कि O ब्लड ग्रुप वाले लोगों को मच्छर ज्यादा काटते हैं और कुछ अध्ययनों में इस तरह का आकर्षण देखा भी गया है. लेकिन वैज्ञानिक इसे मच्छरों के काटने की सबसे बड़ी या निश्चित वजह नहीं मानते, क्योंकि त्वचा की गन्ध, CO₂ और शरीर की गर्मी जैसे संकेत अक्सर इससे कहीं ज्यादा अहम भूमिका निभाते हैं. इसी तरह गर्भावस्था के दौरान भी कुछ महिलाओं की ओर मच्छरों का आकर्षण बढ़ सकता है, जिसकी वजह शरीर से निकलने वाली ज्यादा CO₂ और शरीर के तापमान में होने वाला बदलाव बताई जाती है. हालांकि यह असर हर मच्छर प्रजाति और हर परिस्थिति में एक जैसा हो, यह जरुरी नहीं. वहीं ‘मीठा खून’ होने की बात भी अक्सर सुनने को मिलती है, लेकिन इसे किसी वैज्ञानिक आधार पर सही नहीं माना जाता. असल में मच्छर किसी एक इंसान को चुनने से पहले कई अलग-अलग संकेतों को एक साथ परखते हैं.
मच्छरों से बचाव के आसान और असरदार तरीके
मच्छरों से बचने के लिए शाम और रात के समय शरीर को अच्छी तरह ढककर रखना जरुरी है, घर की खिड़कियों और दरवाजों पर जाली या स्क्रीन लगाकर मच्छरों को घर में आने से रोका जा सकता है, आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें और जरूरत के अनुसार मच्छर भगाने वाले रिपेलेंट का इस्तेमाल करें. यह जानना भी दिलचस्प है कि केवल मादा मच्छर ही इंसानों को काटती हैं, क्योंकि उन्हें अंडे बनाने के लिए खून की जरूरत होती है, जबकि नर मच्छर पौधों के रस पर ही निर्भर रहते हैं.
इसे भी पढ़ें: होटल में हमेशा सफेद तौलिया ही क्यों होता है, जानें इसका कारण?






