प्रियंका गांधी के बेटे की खिंची तस्वीर पर विवाद, रेहान वाड्रा बोले- मैंने मना कर दिया तो…

प्रियंका गांधी के बेटे की खिंची तस्वीर पर विवाद, रेहान वाड्रा बोले- मैंने मना कर दिया तो…


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की तस्वीरों को नई दिल्ली स्थित सांस्कृतिक केंद्र ‘बीकानेर हाउस’ प्रबंधन ने हटा दिया, जिसे लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. रेहान वाड्रा एक विजुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं. रेहान की प्रदर्शनी से हालिया विरोध-प्रदर्शनों और युवा आंदोलनों से जुड़ी 70 से अधिक तस्वीरें हटाई गई है.

‘नो आइडिया इज फाइनल’ शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी की झलक बुधवार को दिखाई गई और यह गुरुवार से आम लोगों के लिए खुलेगी. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक रेहान ने कहा, ‘आज दोपहर साढ़े तीन बजे हमें बताया गया कि अगर शाम पांच बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी. आयोजकों ने कहा कि ऐसी तस्वीरों की प्रदर्शनी के लिए यह सही समय नहीं है.’  रेहान ने बताया कि बीकानेर हाउस प्रशासन ने तिरंगे की एक तस्वीर भी हटा दी थी, जिसे उन्होंने दोबारा लगा दिया.

रेहान ने एक बयान में कहा, ‘इन कलाकृतियों में वन्यजीव फोटोग्राफी, अमूर्त कला और भारत में हाल के युवा आंदोलनों से जुड़े फोटोग्राफ शामिल थे. मंगलवार शाम छह बजे बीकानेर हाउस के प्रबंधन ने मुझसे संपर्क किया और विरोध-प्रदर्शनों की तस्वीरों के राजनीतिक स्वरूप पर आपत्ति जताते हुए उन्हें हटाने का अनुरोध किया.’ उन्होंने कहा, ‘मैंने स्पष्ट किया कि मैंने प्रदर्शनी का विस्तृत प्रस्ताव और उसकी रूपरेखा काफी पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दी थी. ऐसे में प्रदर्शनी शुरू होने से 24 घंटे से भी कम समय पहले 50 प्रतिशत तस्वीरें हटाने का अनुरोध करना अनुचित है.’

रेहान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा, ‘आयोजकों ने मुझे तिरंगे की दो तस्वीरें भी हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन मैंने भारतीय झंडे की तस्वीर हटाने से साफ इनकार कर दिया है. फिलहाल यह प्रदर्शनी कुछ तस्वीरों के साथ ही जारी रहेगी, लेकिन मैं विरोध-प्रदर्शनों की सभी तस्वीरों का पूरा कलेक्शन दिखाने के लिए जल्द ही कोई दूसरा स्थान ढूंढूंगा.’





Source link