आर माधवन के साथ विशाल फुरिया रचेंगे खौफ की नई कहानी, बोले- रूह तक कांप उठेगी

आर माधवन के साथ विशाल फुरिया रचेंगे खौफ की नई कहानी, बोले- रूह तक कांप उठेगी


एक्टर आर माधवन एक बार फिर हॉरर जॉनर में नजर आने वाले हैं. ’13बी’ और ‘शैतान’ जैसी फिल्मों में अपने  एक्टिंग  से दर्शकों को डर का एहसास करा चुके माधवन अब फिल्ममेकर विशाल फुरिया के साथ एक नई हॉरर फिल्म के लिए हाथ मिला रहे हैं.

इस फिल्म को लेकर विशाल का कहना है कि उनके मन में लीड रोल के लिए माधवन के अलावा किसी दूसरे एक्टर का नाम कभी आया ही नहीं. वह माधवन को फिल्म ’13बी’ का असली हॉरर स्टार मानते हैं.

डर से कांप उठेगी रूह…

विशाल फुरिया ने कहा, ‘माधवन हमेशा से मेरी पहली और इकलौती पसंद थे. मुझे बेहद खुशी है कि वह इस फिल्म से जुड़ गए हैं और उन्होंने फिल्म की दुनिया को समझना भी शुरू कर दिया है. वह कल्ट क्लासिक भारतीय हॉरर फिल्म ’13बी’ के असली ओजी हॉरर स्टार हैं. यह मेरी अब तक की पसंदीदा फिल्मों में से एक है.’

उन्होंने आगे कहा, ‘हॉरर को लेकर उनका विश्वास, अनुभव और गंभीर समझ बहुत कम लोगों में देखने को मिलती है. इस फिल्म के लिए उनसे बेहतर अभिनेता के बारे में मैं सोच भी नहीं सकता था.’

विशाल ने माधवन के एक्सपीरियंस की तारीफ करते हुए कहा कि वह राइटर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर भी लंबे समय से काम कर रहे हैं. ऐसे में उनका इस फिल्म का हिस्सा बनना खास है. हम भारतीय हॉरर सिनेमा में ऐसा कुछ बनाना चाहते हैं, जो दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा हो. हम चाहते हैं कि दर्शक ऐसा डर महसूस करें, जो उनकी रूह तक उतर जाए.

रोहित रंजन करेंगे फिल्म प्रोड्यूस

इस हॉरर फिल्म को रोहित रंजन अपने बैनर फ्रॉस्टलिट प्रोडक्शन लिमिटेड के तहत प्रोड्यूस करेंगे. हालांकि, फिल्म की कहानी और बाकी कलाकारों से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

बता दें कि विशाल फुरिया हॉरर जॉनर में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. उन्होंने मराठी फिल्म ‘लपाछपी’ से इस जॉनर में काम शुरू किया था. हाल ही में उनकी फिल्म ‘मां’ भी रिलीज हुई, जिसमें काजोल लीड रोल में नजर आई थीं. इस फिल्म में विशाल ने कैमियो भी किया था.





Source link