अगर आज बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की सोच रहे हैं तो घर से निकलने से पहले ये खबर आपको पढ़ लेना चाहिए. आज यानी 14 नवंबर 2026 को देशभर में बैंक शाखाएं बंद रहने वाली हैं. ऐसे में SBI, PNB, HDFC Bank, ICICI Bank और दूसरे बैंकों के ग्राहक आज ब्रांच जाकर कैश जमा करने, चेक से जुड़े काम नहीं कर पाएंगे.
आज बैंक बंद रहने की वजह छठ पूजा या कोई भी त्योहार नहीं है, बल्कि महीने का दूसरा शनिवार है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के मुताबिक, देश के सभी सरकारी और निजी बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं.
कल भी बंद है बैंक?
इस हफ्ते बैंक जाने का प्लान बना रहे लोगों को लगातार दो दिन का हिसाब रखना होगा. 14 नवंबर को दूसरा शनिवार होने के कारण बैंक बंद हैं. इसके अगले दिन यानी 15 नवंबर को रविवार है. रविवार को भी देशभर की बैंक शाखाओं में छुट्टी रहती है.
इसका मतलब है कि आज और कल लगातार दो दिन बैंक ब्रांच में कामकाज नहीं होगा. हालांकि, 16 नवंबर सोमवार को ज्यादातर राज्यों में बैंक फिर से खुल जाएंगे. लेकिन बिहार और झारखंड के ग्राहकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा, क्योंकि इन दोनों राज्यों में छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को भी बैंक बंद रहेंगे.
छठ पूजा के कारण कहां बंद रहेंगे बैंक?
छठ पूजा के मौके पर बिहार और झारखंड में बैंक शाखाओं की छुट्टी रहेगी. RBI की नवंबर की छुट्टियों की सूची के मुताबिक, 16 नवंबर को इन राज्यों में छठ पूजा और सूर्य षष्ठी के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे.
ऐसे में बिहार और झारखंड में रहने वाले ग्राहक अगर आज बैंक नहीं जा पाए हैं तो उन्हें ब्रांच से जुड़े काम के लिए 17 नवंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है. वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और दूसरे ज्यादातर राज्यों में 16 नवंबर से बैंकिंग कामकाज शुरू हो जाएगा.
दूध-दही और पनीर पर FSSAI ने जारी किए नए नियम, सीधा आप पर होगा असर






