अमेरिका की एविएशन इंडस्ट्री में बड़ी दिक्कत आ गई है. अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के कॉल पर देश की सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई है. यूएस में फ्लाइट्स को ग्राउंड कर दिया गया है. इसकी वजह से पूरे देश में यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है और एयरपोर्ट्स पर हड़कंप मच गया है.
सीएनएन के मुताबिक, यह दिक्कत नेटवर्क राउटर में आई खराबी से शुरू हुई, जिसका असर धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गया. अमेरिकी विमानन प्रशासन (FAA) ने एक अलर्ट में कहा कि अगली सूचना तक सभी फ्लाइट्स पर रोक दी गई है. इससे 7,000 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं.
#BREAKING | अमेरिका में हवाई यातायात ठप, FAA ने पूरे देश में उड़ानों पर लगाई रोक @themahimakanwar | https://t.co/SMm0dUypVm #ABPNews #USA #FAA #FlightBan #AirTraffic #BreakingNews https://t.co/Tc3817IZ75
— ABP News (@ABPNews) November 14, 2026
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘सभी एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स को प्रभावित करने वाली संचार समस्या के बाद FAA ने सभी अमेरिकी हवाई अड्डों के लिए पूरे देश में उड़ानें रोकने का आदेश जारी किया है. FAA के टेक्नीशियन इस समस्या की जांच कर रहे हैं. जैसे ही हमारे पास कोई जानकारी होगी, हम तुरंत अपडेट देंगे.’
The @FAAnews issued a nationwide ground stop for all U.S. airports following a communication issue impacting all Air Route Traffic Control Centers. FAA technicians are investigating the issue. We will provide immediate updates as we have them.
— Secretary Sean Duffy (@SecDuffy) November 13, 2026
अपडेट के बाद क्रैश हुआ संचार सिस्टम
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को जोड़ने वाले निजी संचार नेटवर्क में अपडेट किया गया था. इसके बाद सिस्टम ने खुद को रीबूट किया, लेकिन इसी प्रक्रिया में तकनीकी खराबी आ गई और संचार व्यवस्था ठप हो गई. इस नेटवर्क का संचालन एल-3 हैरिस कंपनी करती है. हालांकि, कंपनी ने इस मामले में सीबीएस न्यूज के सवालों का तत्काल जवाब नहीं दिया.
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि फिलहाल किसी साजिश या अमेरिका के खिलाफ जानबूझकर किए गए हमले के संकेत नहीं मिले हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी है. एहतियात के तौर पर सभी उड़ानों को रोकने का फैसला लिया गया है.
At 20:54 UTC, the FAA issued a nationwide ground stop for all flights departing for US airports due to an equipment outage. At the time, 4,042 flights destined for US airports were already airborne. Watch the next two hours of US air traffic. https://t.co/qbtzX7cMtc
— Flightradar24 (@flightradar24) November 13, 2026
हवा में मौजूद विमानों पर नजर
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, जब देशभर में उड़ानों पर रोक लगाई गई, उस समय करीब 3100 विमान अमेरिकी एयरपोर्ट की ओर उड़ान भर रहे थे. मुलिन ने बताया कि हवा में मौजूद विमानों को एक-एक करके उनकी स्थिति के अनुसार संभाला जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विमान सुरक्षित तरीके से उतर सकेंगे और किसी यात्री की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि संबंधित संघीय एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं. मुलिन ने इसे सीधे तौर पर संकट कहने से परहेज किया, लेकिन स्वीकार किया कि देशभर में उड़ानें रोकने की स्थिति असाधारण है.
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को कुछ मार्गों पर छूट
सीबीएस न्यूज के एक सूत्र के मुताबिक, अमेरिका के पूर्वी तट से रवाना होने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को अटलांटिक महासागर के ऊपर से उड़ान भरने की अनुमति दी गई. वहीं जैक्सनविल, ह्यूस्टन, मियामी और सैन जुआन से कुछ विमानों को दक्षिण दिशा में मैक्सिको की खाड़ी और अटलांटिक महासागर के ऊपर से जाने की अनुमति मिली.
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम कमांड सेंटर ने अपने अलर्ट में कहा कि अगले आदेश तक सभी एयरपोर्ट से विमानों की रवानगी रोक दी जाए. आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को उनकी स्थिति के अनुसार अलग-अलग अनुमति दी जाएगी.
बड़े एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी बढ़ी
उड़ानों पर रोक का असर बोस्टन, अटलांटा, मियामी, पिट्सबर्ग, न्यूयॉर्क, लॉस एंजिलिस और बाल्टीमोर समेत देश के प्रमुख एयरपोर्ट पर दिखाई दिया. विमानों के संचालन में देरी के कारण यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा.
इससे पहले शुक्रवार को ही शिकागो के ओ’हेयर इंटरनेशनल और मिडवे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उपकरणों में खराबी के कारण उड़ानों पर रोक लगाई गई थी.
2023 में भी ठप हुई थी हवाई यातायात व्यवस्था
अमेरिका में इससे पहले जनवरी 2023 में भी एफएए के सिस्टम में खराबी के कारण देशभर में कुछ घंटों के लिए उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी. उस समय उड़ान कर्मियों को जरूरी अलर्ट भेजने वाला सिस्टम रात में बंद हो गया था, जिससे घरेलू उड़ानों में देरी हुई थी.
यह भी पढ़ें : ईरान के खिलाफ फिर से जंग छेड़ने की तैयारी में नेतन्याहू? ट्रंप पर दबाव बनाने US पहुंचे मोसाद चीफ





