भारत और न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जा रहा है. पहले दिन स्टंप्स तक न्यूजीलैंड का स्कोर 243/5 है. हेनरी निकल्स शतक लगा चुके हैं और 113 रन बनाकर खेल रहे हैं. उनके साथ ग्लेन फिलिप्स खेल रहे हैं, जो 94 रन बना चुके हैं. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी हो चुकी है.
भारत ने दिन के पहले सेशन में कुल 4 विकेट झटके थे, दूसरे सेशन में सिर्फ एक विकेट आया, लेकिन दिन के तीसरे और आखिरी सेशन में भारतीय गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिली. जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए हैं, वहीं आकाशदीप और अंशुल कंबोज को एक-एक सफलता मिली है.
पहले दिन के पहले सेशन में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है. कप्तान टॉम लाथम खाता तक नहीं खोल पाए, वहीं डेवोन कॉनवे भी केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए. रचिन रवींद्र भी अपना विकेट खो चुके हैं, जिन्होंने 15 रन बनाए.
टीम इंडिया साल 2020 के बाद पहली बार न्यूजीलैंड की धरती पर कोई टेस्ट मैच खेल रही है. पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया. इस दौरे पर भारत टी20 सीरीज में 3-2 और वनडे सीरीज में 3-1 से जीत दर्ज कर चुका है, अब बारी टेस्ट की है.
भारतीय टीम का न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. यहां उसकी आखिरी जीत साल 2009 में सेडोन पार्क पर खेलते हुए आई थी. शुभमन गिल की कप्तानी में भारत 17 सालों से चले आ रहे इस जीत के सूखे का अंत करने के इरादे से मैदान पर उतरी है. वहीं वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर भारतीय टीम की आखिरी टेस्ट जीत आज से 58 साल पहले 1968 में आई थी.
कप्तान शुभमन गिल ने मैच शुरू होने से पहले ही साफ कर दिया था कि उनकी टीम 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी. जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और आकाशदीप खेल रहे हैं, जबकि मोहम्मद सिराज को बाहर बिठाया गया है. स्क्वाड में शामिल तीनों विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल खेल रहे हैं.






