‘इजरायल से भारत की दोस्ती अपनी जगह, लेकिन…’ राहुल गांधी का अमेरिका में बड़ा बयान

‘इजरायल से भारत की दोस्ती अपनी जगह, लेकिन…’ राहुल गांधी का अमेरिका में बड़ा बयान


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इजरायल के साथ भारत के संबंधों, गाजा में जारी संघर्ष और भारत की विदेश नीति को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि भारत के इजरायल के साथ अच्छे संबंध हैं और वह उससे हथियार भी खरीदता है, जो अच्छी बात है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि भारत गाजा में हो रही घटनाओं पर चुप रहे. राहुल गांधी ने अक्टूबर में इजरायल पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए उसे बेहद भयावह बताया. साथ ही उन्होंने गाजा में इजरायल की कार्रवाई की भी आलोचना की.

राहुल गांधी ने यह बात अमेरिका के इलिनॉय स्थित शिकागो विश्वविद्यालय में ‘द ईरान वॉर एंड इंडियाज रोल इन द वर्ल्ड’ कार्यक्रम के दौरान कही. उन्होंने कहा, ‘इजरायल के साथ हमारे संबंध हैं. हमारे अच्छे संबंध हैं. हम इजरायल से हथियार खरीदते हैं और यह अच्छी बात है. लेकिन पूरे सम्मान के साथ कहना चाहूंगा कि हम इजरायल से कहीं बड़ा देश हैं. हमारी आबादी 1.5 अरब है. हमारी विदेश नीति इस बात पर आधारित होनी चाहिए कि हमारे लिए क्या अच्छा है, न कि इस बात पर कि किसी दूसरे देश के लिए क्या अच्छा है.’

राहुल गांधी ने कही ये बात

राहुल गांधी ने अक्टूबर में इजरायल पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि वह बेहद भयावह घटना थी और ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था. बेगुनाह लोगों की जान लेना किसी भी तरह से जायज नहीं है. हालांकि, उन्होंने कहा कि इजरायल ने इसके जवाब में जो कार्रवाई की, उसकी भी निंदा की जानी चाहिए. कोई भी इन दोनों गलतियों में से किसी एक की निंदा करके दूसरी की आलोचना करने से बच नहीं सकता.

अमेरिका के दबदबे वाली नहीं होगी नई वैश्विक व्यवस्था

राहुल गांधी ने बदलती वैश्विक व्यवस्था पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जिस तरह अमेरिका ने अकेले वैश्विक व्यवस्था को आकार दिया था, वैसा अब नहीं होगा. आने वाली नई वैश्विक व्यवस्था को कोई एक देश निर्धारित नहीं करेगा. इसमें चीन, भारत, मध्य पूर्व और रूस जैसे देश और क्षेत्र भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं कर रहा विपक्ष? राहुल ने बताया

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी से सवाल किया गया कि क्या विपक्षी दलों और नेताओं के मन में कभी यह विचार आया कि चुनाव का बहिष्कार कर दिया जाए और पहले चुनावी व्यवस्था को ठीक करने के बाद समान अवसर वाले माहौल में मुकाबला किया जाए?

इस पर राहुल गांधी ने कहा कि 2014 के चुनाव में ही कांग्रेस को लगने लगा था कि कुछ गड़बड़ है, क्योंकि जीत के अंतर को राजनीतिक रूप से समझा पाना मुश्किल था. हालांकि, उस समय पार्टी के पास कोई सबूत नहीं था. उन्होंने दावा किया कि जब उन्हें सबूत मिले और उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक नेताओं के सामने रखे, तो उनसे कहा गया कि इस बारे में कुछ न बोलें.

राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है. लोकतंत्र में किसी समस्या की बात कहने के लिए उनके पास 100, 200 या 300 प्रतिशत ठोस सबूत होने चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष अपने कार्यकर्ताओं से कह दे कि चुनाव मत लड़ो, तो उनका क्या होगा? विपक्ष के चुनाव नहीं लड़ने से भारतीय लोकतंत्र की पूरी व्यवस्था खत्म हो जाएगी और लोगों के मन में चुनावी प्रक्रिया की वैधता पर सवाल खड़े होंगे.

उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी ढांचे को तोड़ना नहीं चाहता. उसकी रणनीति है कि चुनावी व्यवस्था में जो कुछ हो रहा है, उसे उजागर किया जाए और तमाम मुश्किलों का सामना करते हुए यह लड़ाई जारी रखी जाए. राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्ष तब तक इस मुद्दे को उठाता रहेगा, जब तक देश के लोगों को यह एहसास नहीं हो जाता कि व्यवस्था में क्या हो रहा है.

राहुल का दावा- चुनाव आयोग के भीतर से मिल रही जानकारी

राहुल गांधी ने दावा किया कि अब चुनाव आयोग के भीतर से ही विपक्ष को जानकारियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी कह रहे हैं कि अब वे इस तरह काम नहीं कर सकते. राहुल गांधी ने भरोसा जताया कि अब यह केवल समय की बात है, जब चुनावी व्यवस्था में कथित गड़बड़ियां सामने आने लगेंगी.

ब्राजील की महिला ने 23 बार डाला वोट, राहुल ने उठाए सवाल

राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित अवैध और फर्जी मतदाताओं का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने सवाल किया कि अगर चुनाव में ऐसे मतदाता मौजूद थे, जिन्हें वोट देने का अधिकार नहीं था, तो फिर चुनाव को वैध कैसे माना जा सकता है?

उन्होंने ब्राजील की एक महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह कभी भारत आई ही नहीं थी, लेकिन उसने भारत के एक राज्य के चुनाव में 23 बार वोट डाला. राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इसी मुद्दे पर लड़ाई लड़ रहा है और उन्हें खुशी है कि इस लड़ाई में विपक्ष जीत रहा है. उन्होंने कहा कि अब बस समय की बात है, जब ये व्यवस्थाएं ढहने लगेंगी.

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष गैर-लोकतांत्रिक भारत को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है. यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी की बात नहीं है, बल्कि भारत के अधिकांश लोगों की भावना है. उन्होंने कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि देश के लोगों की बिना किसी डर के अपनी बात कहने की क्षमता फिर से बहाल हो, मजबूत बने और हमेशा कायम रहे.

प्रदूषण से दिनभर सिरदर्द, घर में लगवा रहे एयर प्यूरीफायर

राहुल गांधी ने दिल्ली समेत देश के बड़े शहरों में बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता जताई. उन्होंने बताया कि उनके घर में एयर प्यूरीफायर लगवाए जा रहे हैं, क्योंकि उन्हें दिनभर सिरदर्द रहता है. उन्होंने कहा कि वह इसके लिए तैयार नहीं थे, लेकिन आखिरकार उन्हें भी इसके आगे झुकना पड़ा.

राहुल गांधी ने कहा कि पर्यावरण को जो नुकसान पहुंच चुका है, उसका असर लोगों पर गंभीर रूप से पड़ रहा है. दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण के कारण लोगों की स्थिति भयावह है. छोटे बच्चे फेफड़ों की बीमारियों से जूझ रहे हैं और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से लोगों की मौत हो रही है.

हालांकि, उन्होंने प्रदूषण और पर्यावरण संकट को एक रणनीतिक अवसर के तौर पर भी देखने की बात कही. राहुल गांधी के मुताबिक, अगर देश नई तकनीकों के बारे में सोचना शुरू करे और बदलाव की प्रक्रिया को सही तरीके से आगे बढ़ाए, तो इस संकट में भी बड़ा अवसर छिपा है.



Source link