IRCTC का महाऑफर! मात्र इतने रुपये में खाटू श्याम, जयपुर और महाकाल घूमने का मौका, रहना-खाना फ्री

IRCTC का महाऑफर! मात्र इतने रुपये में खाटू श्याम, जयपुर और महाकाल घूमने का मौका, रहना-खाना फ्री


IRCTC Divine Rajasthan With Ujjain Yatra 2026: अगर आप एक ही यात्रा में राजस्थान के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के साथ उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने ‘डिवाइन राजस्थान विद उज्जैन यात्रा’ नाम से भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन पैकेज लॉन्च किया है. यह यात्रा 11 रात और 12 दिन की होगी, जिसकी शुरुआत 21 अक्टूबर 2026 से होगी. इस दौरान यात्रियों को राजस्थान के कई प्रसिद्ध शहरों और मध्य प्रदेश के उज्जैन व ओंकारेश्वर के दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है.

यह स्पेशल ट्रेन सोलापुर से रवाना होगी. यात्री सोलापुर के अलावा कुर्डुवाड़ी, दौंड, पुणे, लोणावला, कल्याण, वसई रोड, सूरत, वडोदरा और रतलाम जैसे स्टेशनों से भी बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग कर सकेंगे. पूरे टूर के दौरान ट्रेन से यात्रा के साथ स्थानीय दर्शनीय स्थलों तक बसों के जरिए ले जाने की सुविधा भी मिलेगी.

 

किन जगहों के होंगे दीदार

यात्रा के दौरान सबसे पहले उदयपुर घुमाया जाएगा, जहां सिटी पैलेस, जगदीश मंदिर, नाथद्वारा मंदिर और स्टैच्यू ऑफ बिलीफ का भ्रमण कराया जाएगा. इसके बाद अजमेर और पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर, पुष्कर झील और अजमेर दरगाह के दर्शन कराए जाएंगे. वहीं जोधपुर में मेहरानगढ़ किला और उम्मेद भवन पैलेस देखने का मौका मिलेगा. जयपुर में सिटी पैलेस, हवा महल और बिरला मंदिर का भ्रमण शामिल है. इसके अलावा रिंगस स्थित प्रसिद्ध श्री खाटू श्याम जी मंदिर के दर्शन भी कराए जाएंगे. यात्रा के अंतिम चरण में उज्जैन पहुंचकर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा.

इसे भी पढ़ें- कम बजट में विदेश जैसी छुट्टियां! गुलमर्ग से खज्जियार तक, ये हैं भारत के खूबसूरत ‘स्विट्जरलैंड’

कितना पड़ेगा खर्च

आईआरसीटीसी ने यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध कराया है. इकोनॉमी स्लीपर कैटेगरी का किराया 19,900 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. स्टैंडर्ड थर्ड एसी श्रेणी के लिए 31,920 रुपये और कंफर्ट सेकंड एसी कैटेगरी के लिए 41,840 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करने होंगे. वहीं 5 से 11 वर्ष तक के बच्चों के लिए अलग रियायती किराया निर्धारित किया गया है. इसके अलावा विशेष किराया श्रेणी में सीमित संख्या में लोअर बर्थ की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.

क्या- क्या मिलेंगी सुविधाएं?

पैकेज में ट्रेन यात्रा, शाकाहारी भोजन, होटल में ठहरने की व्यवस्था, दर्शनीय स्थलों तक आने-जाने के लिए बस, ट्रैवल इंश्योरेंस, ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था और सभी लागू टैक्स शामिल किए गए हैं. इकोनॉमी श्रेणी के यात्रियों को नॉन-एसी स्लीपर ट्रेन और नॉन-एसी होटल में ठहराया जाएगा, जबकि थर्ड एसी और सेकंड एसी श्रेणी के यात्रियों को एसी बजट होटल की सुविधा मिलेगी. 2AC श्रेणी में स्थानीय यात्रा के लिए एसी बस की व्यवस्था होगी, जबकि अन्य श्रेणियों में नॉन-एसी वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे.

इनका खर्च खुद उठाना होगा

हालांकि, कुछ खर्च यात्रियों को स्वयं वहन करने होंगे. पैकेज में स्मारकों का प्रवेश शुल्क, बोटिंग या एडवेंचर गतिविधियों का खर्च, स्थानीय गाइड की फीस, होटल रूम सर्विस, व्यक्तिगत खर्च, मिनरल वाटर, अतिरिक्त भोजन, टिप्स और यात्रा कार्यक्रम में शामिल न की गई अन्य सेवाएं शामिल नहीं हैं. अगर आप धार्मिक आस्था के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत और उज्जैन के ज्योतिर्लिंगों के दर्शन एक ही यात्रा में करना चाहते हैं, तो यह आईआरसीटीसी पैकेज एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- IRCTC Tour Package 2026: मात्र 21,190 रुपये में दिल्ली-जयपुर और गुजरात यात्रा, IRCTC का बड़ा तोहफा, रहना-खाना सब फ्री





Source link