Government Schemes for Farmers: आज देश की बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है, लेकिन बदलते समय के साथ खेती करना आसान नहीं रह गया है. कभी मौसम की मार, कभी महंगे बीज और खाद, तो कभी बाजार में सही दाम न मिलना, इन सब वजहों से किसानों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने किसानों के लिए कई ऐसी योजनाएं शुरू की हैं, जिनसे उन्हें सीधे आर्थिक मदद मिलती है. इन योजनाओं का उद्देश्य सिर्फ सहायता देना ही नहीं, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी इनकम बढ़ाना और खेती को आधुनिक बनाना भी है. ऐसे में आज हम आपको बताते हैं कि किन योजनाओं में किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलता है.
1. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) – यह योजना किसानों के लिए सबसे लोकप्रिय और लाभकारी योजनाओं में से एक है.इस योजना के तहत सरकार हर साल किसानों को ₹6000 की आर्थिक सहायता देती है. यह पैसा एक साथ नहीं, बल्कि तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजा जाता है. इस योजना के कई फायदे हैं. जैसे किसानों को खेती के खर्च के लिए तुरंत पैसे मिलते हैं. बीज, खाद और अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है और पैसा सीधे खाते में आता है.
2. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (Crop Insurance Scheme) – खेती में सबसे बड़ा जोखिम फसल खराब होने का होता है. इसी समस्या से बचाने के लिए यह योजना शुरू की गई है. अगर किसी कारण जैसे बारिश, सूखा, बाढ़ या कीटों से आपकी फसल खराब हो जाती है, तो सरकार बीमा के माध्यम से नुकसान की भरपाई करती है. इसमें बहुत कम प्रीमियम देना होता है.खरीफ फसलों के लिए लगभग 2 प्रतिशत और रबी फसलों के लिए करीब 1.5 प्रतिशत बाकी खर्च सरकार उठाती है. इससे किसानों को बड़े नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिलती है और अगली फसल की तैयारी बिना ज्यादा परेशानी के कर सकते हैं.
3. किसान क्रेडिट कार्ड (KCC Scheme) – किसानों को अक्सर खेती के लिए पैसे की जरूरत होती है. ऐसे में यह योजना उन्हें सस्ते ब्याज पर लोन उपलब्ध कराती है. किसान इस लोन का उपयोग खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए कर सकते हैं, जैसे बीज खरीदना, खाद और दवाइयां लेना, कृषि उपकरण खरीदना. इससे लोन लेने की प्रक्रिया सरल और तेज होती है, जिससे किसानों को तुरंत आर्थिक सहायता मिल जाती है. साथ ही, किसान अपनी फसल की कटाई और बिक्री के बाद मिलने वाली आय के अनुसार आराम से लोन चुका सकते हैं, जिससे उन पर ज्यादा वित्तीय दबाव नहीं पड़ता है.
4. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) – प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) का मुख्य उद्देश्य हर खेत तक पर्याप्त पानी पहुंचाना और सिंचाई में पानी की बचत करना है, जिससे किसानों को बेहतर फसल उत्पादन मिल सके. इस योजना के तहत सरकार किसानों को ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई प्रणालियों पर सब्सिडी प्रदान करती है, जिससे कम पानी में ज्यादा और प्रभावी सिंचाई संभव हो पाती है. किसानों को इस योजना में 50 प्रतिशत से 70 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिलती है, जिससे सिंचाई उपकरण लगाना सस्ता हो जाता है.
5. पीएम किसान मानधन योजना (Pension Scheme) – पीएम किसान मानधन योजना किसानों के भविष्य को सुरक्षित और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए शुरू की गई एक पेंशन योजना है. इसमें 18 से 40 वर्ष की उम्र के किसान अपनी उम्र के अनुसार हर महीने एक छोटी राशि का योगदान करते हैं, जिससे धीरे-धीरे एक पेंशन फंड तैयार होता है. जब किसान 60 वर्ष की उम्र पूरी कर लेते हैं, तो उन्हें सरकार की ओर से हर महीने 3000 की पेंशन मिलती है, जिससे उन्हें बुढ़ापे में नियमित आय का सहारा मिलता है.
यह भी पढ़ें – जैविक या रासायनिक…किस खेती में किसानों को ज्यादा मुनाफा? जान लें काम की बात
इन योजनाओं का फायदा कौन ले सकता है
इन सरकारी योजनाओं का लाभ वही किसान ले सकते हैं जो भारत के नागरिक हों और जिनके पास खेती करने योग्य जमीन हो, इसके अलावा आवेदन करने के लिए आधार कार्ड और बैंक खाता होना जरूरी है, क्योंकि अधिकतर योजनाओं का पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जाता है. कुछ योजनाओं में सरकार के तहत आय या जमीन के आकार से जुड़ी शर्तें भी तय की गई होती हैं, जिनके आधार पर पात्रता तय होती है. इसलिए अगर कोई किसान इन सभी जरूरी शर्तों को पूरा करता है, तो वह आसानी से इन योजनाओं का लाभ लेकर अपनी खेती और आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकता है.
आवेदन कैसे करें
इन सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन करना अब पहले से काफी आसान हो गया है और किसान अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए संबंधित योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं, या फिर नजदीकी CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाकर मदद ले सकते हैं. इसके अलावा बैंक शाखा या कृषि विभाग के कार्यालय के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है. आवेदन करते समय कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े कागजात साथ रखना जरूरी होता है, जिससे प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके और किसान जल्दी से योजना का लाभ प्राप्त कर सकें.
यह भी पढ़ें – मछली पालन के साथ बिना मिट्टी के करें एक्वापोनिक खेती, होगा तगड़ा फायदा






