कराची बंदरगाह पर फंसे 6 भारतीय नाविकों की होगी वापसी? MEA ने PAK को भेजा संदेश

कराची बंदरगाह पर फंसे 6 भारतीय नाविकों की होगी वापसी? MEA ने PAK को भेजा संदेश


पाकिस्तान के कराची बंदरगाह पर पिछले करीब सात महीनों से फंसे 6 भारतीय नाविकों की घर वापसी की उम्मीद जगी है. भारत सरकार ने अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए कूटनीतिक स्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं. विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह मामला शिपिंग कंपनी और उसके कर्मचारियों के बीच के विवाद का है, लेकिन सरकार इस समस्या को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए सभी पक्षों के साथ मिलकर लगातार काम कर रही है.

रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत सरकार जहाज पर फंसे चालक दल के सदस्यों, उनके कंपनी और शिपिंग कंपनी के एजेंट के साथ लगातार संपर्क में है. उन्होंने बताया कि नई दिल्ली की ओर से इस मामले में पाकिस्तानी पक्ष को एक कांसुलर अनुरोध भी भेजा गया है. तकनीकी पहलुओं को समझाते हुए कहा उन्होंने कहा, ‘यह असल में जहाज के मालिक और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के बीच का मामला है. समुद्री नियमों के तहत आप जहाज को यूं ही छोड़कर नहीं जा सकते. पुराने क्रू के जाने से पहले उनकी जगह लेने के लिए नए कर्मचारियों का आना जरूरी होता है. हम वहां मौजूद अपने लोगों के साथ-साथ शिपिंग कंपनी और उनके एजेंट से भी बात कर रहे हैं ताकि इस विवाद को सुलझाया जा सके.’

कैसे कराची में फंसे ये 6 भारतीय नाविक?

जहाज के चीफ ऑफिसर विनीत किशोर मिश्रा के परिवार के मुताबिक, ये सभी 6 भारतीय नाविक 17 अप्रैल, 2026 को शिप के कराची पहुंचने के बाद से ही उस पर फंसे हुए हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले मर्चेंट नेवी अधिकारी विनीत मिश्रा ने 25 फरवरी को ईरान स्थित ‘केवर शिपिंग कंपनी’ ज्वाइन की थी. इसके बाद वे कंपनी के एक जहाज पर सवार होकर ओमान से कराची पहुंचे थे.

परिवार का कहना है कि कराची बंदरगाह पर पहुंचने के बाद शिपिंग कंपनी और बंदरगाह अधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. कंपनी के इस विवाद का खामियाजा अब भारतीय नाविकों को भुगतना पड़ रहा है, जो पिछले कई महीनों से अनिश्चितता के साये में जीने को मजबूर हैं.

15 दिन में एक बार हो पाती है बात

कराची में फंसे हुए नाविकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि जहाज पर मौजूद सभी भारतीयों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं और जहाज की बिजली भी काट दी गई है. परिवार वालों का दावा है कि जहाज पर संपर्क साधना बेहद मुश्किल हो गया है और नाविक बड़ी मुश्किल से करीब 15 दिनों में सिर्फ एक बार ही अपने रिश्तेदारों से बात कर पाते हैं. विनीत मिश्रा के परिवार ने बताया कि उनके काम का कॉन्ट्रैक्ट भी अब खत्म हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वे औपचारिक रूप से जहाज से उतरकर घर वापस नहीं लौट पा रहे हैं.

कंपनी के विवाद की कीमत चुका रहे हैं नाविक: परिजन

विनीत मिश्रा के रिश्तेदारों का कहना है कि वे एक सामान्य पेशेवर काम के सिलसिले में उत्तर प्रदेश से गए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि वे महीनों तक कराची के एक जहाज पर कैद होकर रह जाएंगे और उनकी वापसी की कोई तय तारीख भी नहीं होगी. परिवार ने मदद के लिए पाकिस्तान स्थित भारतीय उच्चायोग और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है. इसके अलावा, परिजनों ने हस्तक्षेप की मांग करते हुए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और अपने स्थानीय विधायक और सांसद तक से संपर्क साधा है.

परिवारों का कहना है कि उन्हें हर तरफ से यह आश्वासन तो मिला है कि मामले को देखा जा रहा है, लेकिन हकीकत यह है कि नाविक अभी भी जहाज पर ही फंसे हुए हैं. दूसरी तरफ, विदेश मंत्रालय के बयान से इस मामले की वह कानूनी जटिलता भी सामने आई है जो शायद परिजनों के नजरिए से उतनी स्पष्ट नहीं थी. नियमों के मुताबिक, बंदरगाह पर खड़े जहाज को नाविक बिना वैकल्पिक व्यवस्था के खाली नहीं कर सकते और जब तक नया क्रू नहीं आता, तब तक मौजूदा कर्मचारियों को औपचारिक रूप से कार्यमुक्त नहीं किया जा सकता.

यही शर्त इस पूरे विवाद की सबसे बड़ी कड़ी बन गई है. फिलहाल, भारत सरकार का कहना है कि वह पाकिस्तान के सामने राजनयिक स्तर पर इस मुद्दे को उठाने के साथ-साथ शिपिंग कंपनी, एजेंट और नाविकों के साथ समन्वय बनाकर समाधान निकालने की पूरी कोशिश कर रही है.



Source link