Farm Stay In Village: आजकल की भागदौड़ भरी लाइफ में हर कोई सुकून की तलाश में है. शहरों के शोर और प्रदूषण से तंग आकर लोग अब वापस मिट्टी की खुशबू की ओर मुड़ रहे हैं. अगर आपके पास गांव में थोड़ी भी जमीन है तो आप उसे सिर्फ फसल उगाने तक सीमित न रखें.
फार्म स्टे यानी खेत में ठहरने का कॉन्सेप्ट किसानों के लिए कमाई का एक जबरदस्त जरिया बनकर उभरा है. इसमें आपको अपनी जमीन बेचनी नहीं है. बल्कि उसकी खूबसूरती और शुद्धता को दुनिया को दिखाना है. यह एग्रो-टूरिज्म का वो दौर है जहां शहर का आदमी ताजी हवा और असली खाने के लिए अच्छे पैसे खर्च करने को तैयार है.
फार्म स्टे का स्टार्टअप
फार्म स्टे शुरू करने का मतलब कोई आलीशान फाइव-स्टार होटल बनाना बिल्कुल नहीं है. लोग आपके पास वही देसी अहसास लेने आते हैं जो उन्हें शहरों में नहीं मिलता. आप अपनी जमीन के एक हिस्से में मिट्टी या लकड़ी के कुछ छोटे कमरे तैयार करवा सकते हैं.
बस ध्यान ये रखना है कि वहां बेसिक सुविधाएं जैसे साफ-सुथरा टॉयलेट और आरामदायक बिस्तर मौजूद हों. अपनी पुरानी खटिया, नीम की छांव और कुएं के पास बैठने का इंतजाम करें. लोग यहां कंक्रीट के जंगल से बचने आते हैं. इसलिए जितना हो सके माहौल को नेचुरल और ट्रेडिशनल रखें.
यह भी पढ़ें: अपनी फसल में वैल्यू एडिशन कर बनाओ ब्रांड, किसान ऐसे शुरू कर सकते हैं डायरेक्ट सेलिंग
गांव का शांत वातावरण और देसी स्वाद
फार्म स्टे में लोग सिर्फ सोने नहीं बल्कि गांव की लाइफस्टाइल जीने आते हैं. उन्हें दिखाएं कि खेती कैसे होती है. ताजी सब्जियां तोड़ना सिखाएं या उन्हें ट्रैक्टर की सवारी कराएं. खाने में वही परोसें जो आपके खेत में उग रहा है. मिट्टी के चूल्हे पर बनी रोटियां, सरसों का साग और ताजी छाछ.
गांव के फार्म स्टे जैसा मजा उन्हें शहर के महंगे रेस्टोरेंट में भी नहीं मिलेगा. आप शाम को बोनफायर या लोकल म्यूजिक का प्रोग्राम भी रख सकते हैं. जब कोई गेस्ट आपके यहां से एक यादगार अनुभव लेकर जाएगा. तो वह खुद आपके ब्रांड का एंबेसडर बन जाएगा और दूसरों को भी बताएगा.
मार्केटिंग और ब्रांडिंग का तरीका
अब सवाल आता है कि कस्टमर आप तक पहुंचेंगे कैसे? इसके लिए आपको किसी ट्रेवल एजेंट की जरूरत नहीं है. इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपने फार्म स्टे के अच्छे फोटोज और वीडियो शेयर करें. विलेज लाइफ और नेचर स्टे जैसे टैग्स का इस्तेमाल करके आप सीधे टारगेट ऑडियंस तक पहुंच सकते हैं.
एयरबीएनबी (Airbnb) जैसी साइट्स पर अपना रजिस्ट्रेशन कराएं जिससे विदेशी सैलानी भी आप तक पहुंच सकें. अपनी सर्विस की ब्रांडिंग करें और उसे एक प्यारा सा नाम दें. एक बार जब लोग आपकी लोकेशन को रेटिंग देना शुरू करेंगे. तो आपका बिजनेस खुद-ब-खुद रफ्तार पकड़ लेगा.
यह भी पढ़ें: Kashi Abhiman Tomato: अपने किचन गार्डन में लगाएं ‘काशी अभिमान’ हाइब्रिड टमाटर, घर बैठे ऐसे ऑर्डर करें बीज






