Google Password Manager: आजकल हम इंटरनेट पर हर छोटे-बड़े काम के लिए अलग-अलग वेबसाइट और ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं और हर जगह नया पासवर्ड याद रखना किसी सिरदर्द से कम नहीं है. इसी से बचने के लिए ज्यादातर लोग गूगल क्रोम के ऑटो-सेव पासवर्ड फीचर का सहारा लेते हैं. यह फीचर हमारे ईमेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग साइट्स के पासवर्ड सेफ रखता है जिससे अगली बार लॉग-इन करना आसान हो जाए.
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह सहूलियत आपकी प्राइवेसी के लिए कितना बड़ा खतरा बन सकती है. अगर आप अपना लैपटॉप या स्मार्टफोन कुछ मिनटों के लिए भी किसी दोस्त या किसी और व्यक्ति के हाथ में देते हैं तो वह क्रोम की सेटिंग्स में जाकर आपके सारे सेव पासवर्ड आसानी से देख सकता है. एक छोटी सी लापरवाही आपके प्राइवेसी और बैंक खाते को खतरे में डाल सकती है. हालांकि क्रोम में ही एक ऐसा सिक्योरिटी लॉक मौजूद है जो इस खतरे को जड़ से खत्म कर देता है.
बिना लॉक के लीक हो सकते हैं आपके पासवर्ड
जब आप अपने कंप्यूटर या फोन के गूगल क्रोम ब्राउजर में पासवर्ड सेव करते हैं तो वे गूगल पासवर्ड मैनेजर में स्टोर हो जाते हैं. अगर आपके डिवाइस पर कोई एक्सट्रा पासवर्ड सिक्योरिटी या बायोमेट्रिक लॉक एक्टिव नहीं है तो ब्राउजर खोलने वाला कोई भी व्यक्ति सीधे आपकी निजी जानकारी तक पहुंच सकता है. मसलन ऑफिस में काम करते समय आप थोड़ी देर के लिए अपनी सीट से उठते हैं और कंप्यूटर लॉक करना भूल जाते हैं.
ऐसे में कोई भी शख्स क्रोम के टॉप-राइट कॉर्नर पर बने तीन डॉट्स पर क्लिक करके पासवर्ड मैनेजर खोल सकता है. वहां आंख के निशान वाले आइकन पर टैप करते ही आपके जीमेल, इंस्टाग्राम, फेसबुक और नेट बैंकिंग तक के पासवर्ड स्क्रीन पर साफ दिखाई देने लगते हैं. इस तरीके से किसी के भी अकाउंट को हैक करना या निजी डेटा चुराना बेहद आसान हो जाता है जिससे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
कंप्यूटर और लैपटॉप में ऐसे लगाएं सिक्योरिटी लाॅक
अपने लैपटॉप या डेस्कटॉप के गूगल क्रोम में सेव पासवर्ड को सेफ रखने के लिए आपको Windows Hello या Mac के टच आईडी लॉक का इस्तेमाल करना चाहिए. इसे एक्टिवेट करने के लिए सबसे पहले अपने कंप्यूटर में क्रोम ब्राउजर खोलें और ऊपर दाईं तरफ दिख रहे तीन डॉट्स पर क्लिक करें. इसके बाद Passwords and Autofill के ऑप्शन पर जाएं और Google Password Manager को चुनें.
अब बाईं तरफ दिख रहे Settings टैब पर क्लिक करें. यहां आपको Use Windows Hello when filling passwords या Use device lock जैसा एक टॉगल दिखाई देगा जिसे तुरंत ऑन कर दें. इस फीचर के चालू होते ही जब भी कोई आपके सेव किए गए पासवर्ड देखने की कोशिश करेगा या किसी वेबसाइट पर ऑटो-फिल का इस्तेमाल करेगा तो सिस्टम सबसे पहले कंप्यूटर का पिन, पासवर्ड या फिंगरप्रिंट मांगेगा. इसके बिना कोई भी आपके पासवर्ड नहीं देख पाएगा.

यह भी पढ़ें: WhatsApp Status: व्हाट्सऐप पर किसी के जाने बिना उसका स्टेटस देखें ले, फोन में छिपी है ये कमाल की सेटिंग
स्मार्टफोन में भी पासवर्ड मैनेजर को लॉक करना है जरूरी
लैपटॉप की तरह ही हमारे स्मार्टफोन में भी गूगल क्रोम के अंदर दर्जनों पासवर्ड सेव रहते हैं जिन्हें सेफ रखना उतना ही जरूरी है. एंड्रॉयड फोन या आईफोन में यह सेफ्टी लेयर जोड़ने के लिए क्रोम ऐप खोलें और ऊपर या नीचे दिख रहे तीन डॉट्स पर टैप करके Settings में जाएं. यहां Password Manager के ऑप्शन पर क्लिक करें और फिर स्क्रीन के ऊपरी कोने में बने सेटिंग्स गियर आइकन पर टैप करें.
अब आपको Biometric authentication या Use screen lock का ऑप्शन दिखाई देगा जिसे ऑन करना होगा. इसके अलावा आप अपने फोन के Privacy सेक्शन में जाकर क्रोम ऐप पर अलग से ऐप-लॉक भी लगा सकते हैं. साथ ही इस बात का भी हमेशा ध्यान रखें कि किसी भी साइबर कैफे या दूसरे के डिवाइस पर अपना गूगल अकाउंट लॉग-इन न करें और अगर गलती से कर भी लें तो काम खत्म होते ही तुरंत लॉग-आउट जरूर करें.
यह भी पढ़ें: Google Information Removal: गूगल से अपनी जानकारी और फोन नंबर कैसे हटाएं, जान लें तरीका






