स्टोरेज फुल होने से Phone की हालत ऐसी हो जाती है कि न कोई नया ऐप डाउनलोड होता है और न WhatsApp पर कोई फोटो खुल पाती है. Phone अलग से हैंग मारने लगता है. ज्यादातर लोग ऐसी स्थिति में मान लेते हैं कि फोन का सॉफ्टवेयर खराब हो गया है और अब इसे फॉर्मेट ही करना पड़ेगा. लेकिन रुकिए आपके Phone में कोई खराबी नहीं बल्कि छुपा हुआ डेटा जमा है.

आपके Phone की मेमोरी चुपचाप खाने में सबसे पहला नाम Instagram, Facebook और Youtube जैसे सोशल मीडिया ऐप्स का आता है. जब आप रोज घंटों रील्स स्क्रॉल करते हैं और हाई-क्वालिटी वीडियोज देखते हैं. तो ये ऐप्स बैकग्राउंड में भारी मात्रा में Cache Data जमा करते रहते हैं. Play Store स्टोर पर महज 100 MB का दिखने वाला ऐप देखते ही देखते आपके फोन की 10 GB तक जगह घेर लेता है.

दूसरा बड़ा विलेन WhatsApp का छुपा हुआ फोल्डर है. हम सोचते हैं कि गैलरी से WhatsApp की फोटोज उड़ा दीं तो काम खत्म हो गया लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं होता. आप WhatsApp पर जो भी फाइल और वीडियो किसी दूसरे को भेजते हैं उसकी एक कॉपी App के Sent फोल्डर में सेव रहती है. इसके साथ ही WhatsApp रोज आपकी चैट्स का लोकल बैकअप भी फोन की मेमोरी में बनाता रहता है.

कई बार हम गैलरी से बड़ी Files डिलीट कर देते हैं, लेकिन स्टोरेज का मीटर फिर भी कम नहीं होता. इसके पीछे आजकल के Phone में मिलने वाला Recycle Bin और Trash Folder फीचर जिम्मेदार है. गैलरी से डिलीट की गई कोई भी चीज सीधे फोन से बाहर जाने के बजाय Trash Folder में चली जाती है. वहां यह डेटा पूरे 30 से 60 दिनों तक उतनी ही मेमोरी घेरकर पड़ा रहता है.

इसके अलावा Youtube और OTT ऐप्स का Smart Download फीचर भी चुपके से आपकी स्टोरेज चट कर जाता है. कई बार ऐप इस्तेमाल करते वक्त हमसे अनजाने में यह सेटिंग ऑन हो जाती है. इसके बाद जैसे ही आपके Phone को Wi-Fi कनेक्शन मिलता है यह Apps अपने आप कई सारे वीडियोज और वेब सीरीज के एपिसोड डाउनलोड कर लेते हैं. यह वीडियोज गैलरी में नहीं दिखते लेकिन अंदरूनी स्पेस भर देते हैं.

जब आप फोन की स्टोरेज सेटिंग्स चेक करते हैं तो वहां System का सेक्शन अकेले ही 20 से 30 GB जगह दबाए दिखता है. असल में हम रोजमर्रा में Chrome ब्राउजर से जो भी PDF, ट्रेन टिकट, रेस्टोरेंट मेन्यू, बैंक स्टेटमेंट और APK फाइल्स डाउनलोड करते हैं काम निकलने के बाद उन्हें भूल जाते हैं. यह सारी फाइल्स फोन के Download फोल्डर में सालों तक जमा रहती हैं.

अब सवाल उठता है कि बिना फोन फॉर्मेट किए इस छुपे कचरे को साफ कैसे करें. सबसे पहले फोन की सेटिंग्स में जाकर Apps सेक्शन खोलें. यहां Instagram, Youtube और Chrome जैसे भारी Apps पर क्लिक करके Clear Cache कर दें. ध्यान रहे कि आपको Clear Data नहीं दबाना है, वरना ऐप से लॉगआउट हो जाएंगे. सिर्फ Cache साफ करने से ही आपको कई GB खाली स्पेस तुरंत मिल जाएगा.

इसके बाद फोन के File Manager App में जाएं और Download फोल्डर खोलकर सारी बेकार फाइल्स को हमेशा के लिए हटा दें. इसके साथ ही अपनी गैलरी और गूगल फोटोज के Trash फोल्डर को भी पूरी तरह खाली कर दें. आखिरी काम WhatsApp की सेटिंग्स में Manage Storage पर जाकर करें जहां आप फालतू Forwarded वीडियोज को एक साथ उड़ा सकते हैं. इतना करते ही आपका फोन एकदम हल्का और सुपरफास्ट चलने लगेगा.
Published at : 27 Oct 2026 02:49 PM (IST)






