रसोई में इस्तेमाल होने वाला घी अब धीरे-धीरे महंगा होता जा रहा है. त्योहारों पर मिठाइयां बनाने से लेकर रोजाना खाने में इस्तेमाल होने वाले घी के लिए लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं. अमूल जैसी बड़ी डेयरी कंपनी भी अपने घी और मक्खन के दाम बढ़ा चुकी है. ऐसे में सवाल है कि आखिर घी की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं? क्या देश में दूध की कमी हो गई है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है?
हैरानी की बात ये है कि भारत में दूध का उत्पादन बढ़ रहा है, लेकिन डेयरी कंपनियों के सामने एक अलग तरह की परेशानी खड़ी हो गई है. कंपनियों को दूध तो मिल रहा है, लेकिन उसमें मौजूद फैट की कमी पड़ रही है. यही फैट घी और मक्खन बनाने के लिए जरूरी है.
अमूल ने कितना बढ़ाया दाम?
घी की बढ़ती कीमतों का असर अब बाजार में भी दिखने लगा है. गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन अमूल ब्रांड के तहत दूध और डेयरी प्रोडक्ट बेचती है, उन्होंने अपने गाय के घी और मक्खन के दाम बढ़ा दिए हैं.
2 नवंबर 2026 से अमूल के 1 लीटर गाय के घी के पाउच की कीमत 695 रुपए से बढ़ाकर 735 रुपए कर दी गई है. वहीं, 500 ग्राम टेबल बटर का पैक अब 310 रुपए के बजाय 325 रुपए में मिल रहा है. मतलब अमूल के गाय के घी पर एक लीटर में 40 रुपए और मक्खन के 500 ग्राम पैक पर 15 रुपए की बढ़ोतरी हुई है.
क्यों हो रही है परेशानी?
कहते हैं कि अगर देश में दूध का उत्पादन बढ़ रहा है तो घी और मक्खन की कीमतें कंट्रोल में रहती हैं. लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग है. भारत में दूध का उत्पादन 2016 में 165.1 मिलियन टन था, जो 2025 में बढ़कर 216.5 मिलियन टन हो गया. मतलब पिछले करीब 10 साल में दूध उत्पादन में अच्छी बढ़ोतरी हुई है.
इसके बावजूद डेयरी कंपनियों को दूध में मौजूद फैट की पर्याप्त मात्रा नहीं मिल पा रही है. दूध में दो तरह के मुख्य ठोस तत्व होते हैं. पहला फैट और दूसरा SNF. SNF में प्रोटीन, लैक्टोज और मिनरल्स शामिल होते हैं. घी और मक्खन बनाने के लिए फैट की जरूरत होती है. इसलिए दूध का उत्पादन बढ़ने के बावजूद फैट की कमी कंपनियों के लिए परेशानी बन गई है.
कितना महंगा हुआ मक्खन?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच डेयरी कंपनियों के स्तर पर मक्खन की औसत कीमत 348 रुपए प्रति किलो से बढ़कर 537 रुपए प्रति किलो हो गई है. यानी इसमें करीब 54.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
वहीं, इसी दौरान स्किम्ड मिल्क पाउडर की कीमत 250 रुपए से बढ़कर 295 रुपए प्रति किलो हुई है. इसमें करीब 18 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
जीएसटी से क्या है कनेक्शन?
सुनने में ये थोड़ा अजीब लग सकता है कि GST कम होने के बाद भी घी महंगा क्यों हो रहा है. दरअसल, 22 सितंबर 2025 से घी, मक्खन और चीज पर GST की दर 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी कर दी गई थी. वहीं, आइसक्रीम पर GST 18 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी और पनीर पर 5 फीसदी से घटाकर जीरो कर दिया गया था.
GST कम होने से इन उत्पादों की मांग को बढ़ावा मिला. नतीजा ये हुआ कि ज्यादा लोग घी, मक्खन और दूसरे डेयरी उत्पाद खरीदने लगे. मांग बढ़ने से दूध में मौजूद फैट की जरूरत भी बढ़ गई. पूर्व GCMMF एमडी आरएस सोढ़ी के मुताबिक, GST में कटौती के बाद हाई-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स की मांग को और बढ़ावा मिला है.
FSSAI की सख्ती से बढ़ी फैट की मांग?
तिरुपति मंदिर के लड्डू विवाद के बाद सितंबर 2024 से मिलावटी घी बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है. इसके बाद FSSAI और राज्यों के खाद्य सुरक्षा विभागों ने मिलावटी घी, घटिया दूध और नकली पनीर बनाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. इसका असर ये हुआ कि बाजार में असली दूध और ज्यादा फैट वाले डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ गई है.
Loan महंगा करने की तैयारी में NBFCs! जानें अब कितना बढ़ेगा आपका EMI






