Chukandar Ki Kheti: अगर आफ ऐसी सब्जी की तलाश में हैं जो कम समय में तैयार हो जाए और मुनाफा भी अच्छा दे, तो चुकंदर की खेती आपके लिए एक अच्छा विकल्प है. सलाद, जूस और खाने-पीने की दूसरी चीजों में इसके इस्तेमाल की वजह से बाजार में हर समय इसकी मांग रहती है.
उत्तर भारत में किसान आमतौर पर ठंड के मौसम में इसकी खेती करते हैं. सही जमीन, समय पर बुवाई और बाजार की मांग को ध्यान में रखकर किसान इससे अच्छी कमाई कर सकते हैं. लेकिन इसकी खेती शुरू करने से पहले आपको इसकी लागत और जरूरी तैयारियों के बारे में जान लेना जरूरी है.
चुकंदर की खेती के लिए कैसी जमीन चाहिए?
चुकंदर जमीन के अंदर तैयार होता है, इसलिए इसकी खेती के लिए भुरभुरी मिट्टी अच्छी होता है. बलुई दोमट मिट्टी, जिसमें पानी जमा न हो, इसके लिए सही मानी जाती है. खेत में बड़े ढेले और पत्थर होने पर चुकंदर की जड़ टेढ़ी-मेढ़ी हो सकती है. इससे बाजार में उसकी कीमत पर असर पड़ सकता है. बुवाई से पहले खेत की दो से तीन बार जुताई करके मिट्टी को अच्छी तरह तैयार कर लें. आखिरी जुताई के समय अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद मिला सकते हैं. इससे मिट्टी की बनावट बेहतर होती है और फसल को बढ़ने में मदद मिलती है.
कब और कैसे करें चुकंदर की बुवाई?
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में चुकंदर की बुवाई के लिए सितंबर से नवंबर के बीच का समय सही रहता है. इसकी बुवाई सीधे खेत में बीज डालकर की जाती है. आमतौर पर एक हेक्टेयर खेत के लिए करीब 6 से 8 किलो बीज की जरूरत पड़ सकती है. यानी एक एकड़ में लगभग ढाई से साढ़े तीन किलो बीज पर्याप्त हो सकता है.
बुवाई के बाद खेत में नमी बनाए रखना जरूरी है. जरूरत के मुताबिक सिंचाई करें, लेकिन खेत में पानी जमा न होने दें. पौधे निकलने के बाद अगर एक जगह कई पौधे उग आएं, तो कमजोर पौधों को हटाकर उनके बीच सही दूरी बनाएं. इससे जड़ों को बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है.
यह भी पढ़ें: चीनी से 300 गुना मीठी पत्तियां, एक बार खेती से 5 साल तक होगी कमाई!
एक एकड़ में कितना खर्च आएगा?
चुकंदर की खेती का खर्च जमीन, बीज, खाद, मजदूरी, सिंचाई और खेत की तैयारी पर निर्भर करता है. सामान्य अनुमान के तौर पर एक एकड़ में करीब 25 हजार से 40 हजार रुपये तक खर्च हो सकता है. यह केवल शुरुआती अनुमान है, असल खर्च आपके इलाके और खेती के तरीके के अनुसार कम या ज्यादा हो सकता है.
कितने दिन में तैयार होती है फसल?
चुकंदर की किस्म और मौसम के अनुसार फसल करीब 70 से 90 दिन में तैयार हो सकती है. जब जड़ें उचित आकार की हो जाएं, तो उनकी खुदाई की जा सकती है. अच्छी पैदावार के लिए समय पर निराई-गुड़ाई, सही सिंचाई और खरपतवार पर ध्यान देना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: कुट्टू का आटा कैसे बनता है? जानें इसकी खेती का पूरा तरीका






