पशुपालकों के लिए बड़ी खबर, देशभर में खुलेंगी 75 हजार नई डेयरियां

पशुपालकों के लिए बड़ी खबर, देशभर में खुलेंगी 75 हजार नई डेयरियां


White Revolution 2.0: भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने डेयरी और पशुपालन को लेकर कई बड़ी बातें कहीं. उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार दूध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ पशुपालकों को दूध और गोबर से ज्यादा कमाई के मौके देने पर काम कर रही है. इसके लिए गोबर से बायोगैस और जैविक खाद बनाने से लेकर दूध की प्रोसेसिंग और बाजार तक पहुंचाने की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.

अमित शाह ने सम्मेलन में बताया कि, देशभर में 75 हजार नई कॉपरेटिव डेयरियां खोली जाएंगी. इनमें सबसे ज्यादा डेयरियां मध्य प्रदेश में स्थापित की जाएंगी. इसका फायदा गांवों में रहने वाले छोटे पशुपालकों को मिल सकता है. सहकारी डेयरियों से जुड़कर वे अपना दूध बेहतर तरीके से बेच सकेंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार डेयरी सेक्टर को सिर्फ दूध बेचने तक सीमित नहीं रखना चाहती. दूध से बनने वाले अलग-अलग उत्पादों की प्रोसेसिंग और उन्हें बाजार तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.

नस्ल सुधार के लिए 50 एकड़ जमीन की मांग

अमित शाह ने बताया कि गायों की नस्ल सुधारने और पशुपालन में नई तकनीक को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने 50 एकड़ जमीन की मांग की थी. इस प्रस्ताव को वैचारिक मंजूरी मिलने की जानकारी भी उन्होंने दी. नस्ल सुधार से ज्यादा दूध देने वाली गायों की संख्या बढ़ाने में मदद मिल सकती है. इससे पशुपालकों की कमाई भी बढ़ सकती है. सरकार का जोर पशुपालन को बेहतर और आधुनिक तरीके से आगे बढ़ाने पर है.

श्वेत क्रांति 2.0 से डेयरी नेटवर्क बढ़ाने पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला देश है. अब इस क्षेत्र को और मजबूत करने के लिए लगभग एक साल पहले ‘श्वेत क्रांति 2.0’ की शुरुआत की गई है. इसके तहत गांव-गांव दूध संग्रहण की व्यवस्था बढ़ाने और डेयरी से जुड़े बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने पर जोर दिया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: मुर्गी-बकरी छोड़िए, इस छोटे पक्षी के पालन से होगी लाखों की कमाई

महिलाओं के लिए भी कमाई का बड़ा जरिया

अमित शाह ने सहकारिता को महिला सशक्तिकरण से भी जोड़ा. उन्होंने कहा कि डेयरी से बड़ी संख्या में महिलाएं जुड़ी हैं और दूध के काम के जरिए वे अपनी आमदनी में योगदान दे रही हैं. उनके मुताबिक, गांवों में सहकारी डेयरी का नेटवर्क बढ़ने से महिलाओं के लिए भी कमाई के नए रास्ते खुल सकते हैं.

इसके अलावा अमित शाह ने मध्य प्रदेश को नशे से मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई. उन्होंने कहा कि राज्य को मादक पदार्थों के जाल से पूरी तरह मुक्त करने के लिए काम किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: पशु की मौत पर मिलेगा मुआवजा! सरकार दे रही 85 फीसदी तक बीमा सब्सिडी



Source link