पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने 24 मई 2026 को करीब 32 मिनट का एक वीडियो संदेश जारी किया. यह संदेश बंगाल की जनता और TMC कार्यकर्ताओं के नाम था. यह वीडियो ऐसे समय आया, जब 2026 विधानसभा चुनाव में TMC को बड़ी हार का सामना करना पड़ा और फाल्टा सीट पर BJP ने धमाकेदार जीत हासिल की. वीडियो में ममता बनर्जी शांत लेकिन बेहद सख्त और भावुक अंदाज में दिखाई दीं. उन्होंने चुनाव नतीजों को जनता का असली फैसला मानने से इनकार किया और आरोप लगाया कि चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली, हिंसा और केंद्र सरकार का दखल हुआ.
ममता बनर्जी ने दावा किया कि चुनाव के दौरान EVM डेटा में गड़बड़ी की गई और नतीजों में हेरफेर हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि कई सीटों पर बाद के राउंड में अचानक नतीजे बदल दिए गए.उन्होंने यह भी कहा कि TMC एजेंटों को काउंटिंग सेंटर से बाहर निकाला गया, कई जगह उनके कार्यकर्ताओं को पीटा गया और BJP आईटी सेल के लोग कथित तौर पर डेटा सिस्टम तक पहुंचे.ममता ने दावा किया कि उनकी पार्टी नैतिक रूप से चुनाव जीत चुकी थी, लेकिन धांधली की वजह से हार दिखाई गई.
My message to the people of Bengal and the workers of the @AITCofficial. pic.twitter.com/sbl0umM8qp
— Mamata Banerjee (@MamataOfficial) May 24, 2026
TMC कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई का आरोप
अपने संदेश में ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव के बाद 2,500 से ज्यादा TMC कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यालयों पर हमले हुए और कई जगह लूटपाट की गई. उन्होंने कहा कि पंचायत, नगर पालिका और कोलकाता नगर निगम जैसी चुनी हुई संस्थाओं को काम करने से रोका जा रहा है. उनके मुताबिक केंद्र सरकार की तरफ से प्रशासन और विकास कार्यों में भी दखल दिया जा रहा है.
हिंसा और डर का माहौल बनाने का आरोप
ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव के बाद कई जगह हिंसा हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के घरों में हमला किया गया, महिलाओं के साथ बदसलूकी हुई और विरोध करने वालों को डराया गया.उन्होंने पुलिस पर भी BJP के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में डर और दबाव का माहौल बनाया जा रहा है.
BJP सरकार पर तीखा हमला
ममता बनर्जी ने BJP पर बंगाल को पुलिस स्टेट और गुंडा राज में बदलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा विपक्ष को काम करने का मौका दिया, लेकिन अब बदले की राजनीति की जा रही है. उन्होंने बंगाल की संस्कृति और परंपराओं का मुद्दा भी उठाया. ममता ने आरोप लगाया कि नई सरकार बंगाली पहचान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है.
तृणमूल कभी नहीं झुकेगी- ममता बनर्जी
अपने संदेश में ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से हिम्मत बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी और कभी झुकेगी नहीं.उन्होंने यह भी कहा कि वह सोशल मीडिया और फेसबुक लाइव के जरिए लोगों से लगातार जुड़ी रहेंगी, क्योंकि मुख्यधारा का मीडिया पक्षपाती हो चुका है. वीडियो के अंत में ममता बनर्जी ने संविधान के दायरे में रहकर लड़ाई जारी रखने की बात कही और समर्थकों को धन्यवाद दिया.






