‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने….’, राहुल गांधी बयान पर देवेंद्र फडणवीस ने कसा तंज, जानें पूरा मामला

‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने….’, राहुल गांधी बयान पर देवेंद्र फडणवीस ने कसा तंज, जानें पूरा मामला


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के उस कथित बयान को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि केंद्र की NDA सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी. फडणवीस ने इसे दिन में सपना देखना और सिर्फ कल्पना बताया. दरअसल, BJP ने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कांग्रेस माइनॉरिटी डिपार्टमेंट की एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी और एक साल के भीतर गिर सकती है.

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए मशहूर टीवी शो मुंगेरीलाल के हसीन सपने का जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘एक बहुत लोकप्रिय टीवी सीरियल आता था, जिसका नाम ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ था. राहुल गांधी की बातें उसी तरह की हैं. इससे ज्यादा कुछ नहीं.’

ये भी पढ़ें: केरल में सरकार बनते ही कांग्रेस ने किया ‘शुभेंदु अधिकारी वाला काम’, भड़क उठा विपक्ष, क्या फैसला बदलेंगे वीडी सतीशन?

नागपुर में कार्यक्रम के दौरान दिया बयान

फडणवीस ने यह टिप्पणी नागपुर में एक नए गोदाम लॉजिस्टिक्स पार्क के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान की. इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लॉजिस्टिक्स पार्क नागपुर और आसपास के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा. उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार की नई लॉजिस्टिक्स पॉलिसी की वजह से नागपुर देश के बड़े लॉजिस्टिक्स हब के रूप में तेजी से उभर रहा है.

कम होगी लॉजिस्टिक्स लागत

फडणवीस ने कहा कि नए लॉजिस्टिक्स पार्क बनने से सामान ढुलाई की लागत कम होगी और उद्योगों को फायदा मिलेगा. उन्होंने कहा, ‘अगर भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत प्रतिस्पर्धा करनी है और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन में अपनी स्थिति मजबूत बनानी है तो लॉजिस्टिक्स लागत कम करना बेहद जरूरी है.’उन्होंने आगे कहा कि सरकार इसी दिशा में काम कर रही है ताकि उद्योगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और व्यापार आसान हो सके.

BJP और कांग्रेस के बीच बढ़ी बयानबाजी

राहुल गांधी के कथित बयान के बाद BJP और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. BJP नेताओं ने राहुल गांधी पर लगातार हमला बोला है, जबकि कांग्रेस की ओर से इस मामले पर अभी कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें: फाल्टा उपचुनाव: जिस सीट पर TMC कैंडिडेट जहांगीर खान ने छोड़ा मैदान, वहां वोटों की गिनती शुरू, जानें कौन आगे?



Source link