Summer Travel Destinations: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी से हर कोई परेशान दिखाई दे रहा है. अप्रैल के आखिरी दिनों में ही कई शहरों का तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. हालात ऐसे हैं कि घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के सबसे गर्म शहरों की लिस्ट में भारत के कई शहर शामिल है, जो इस बढ़ती गर्मी की गंभीरता को दिखाता है. ऐसे में लोग राहत पाने के लिए ठंडी और सुहावनी जगह की तलाश कर रहे हैं. इस बीच चलिए आज हम आपको बताते हैं देश के कुछ ऐसे हिल स्टेशन और पर्यटन स्थल जहां गर्मी में भी मौसम काफी ठंड और आरामदायक बना रहता है. यहां की ठंडी हवाएं और प्राकृतिक खूबसूरती लोगों को गर्मी से राहत देती है.
पहाड़ों में मिलेगी सबसे ज्यादा राहत
अगर गर्मी से बचाना है, तो पहाड़ी इलाकों का रुख करना सबसे बेहतर ऑप्शन माना जाता है. मनाली इस लिस्ट में सबसे आगे है यहां का तापमान आमतौर पर 25 डिग्री के आसपास रहता है, जो इस गर्मी से राहत पाने के लिए परफेक्ट बनाता है. बर्फ से ढकी चोटियों और ठंडी हवा यहां आने वालों को सुकून देती है. इसी तरह शिमला भी गर्मियों में लोगों की पहली पसंद बना रहता है. यहां की ठंडी हवाएं, पहाड़ों के खूबसूरत नजारे और माॅल रोड की रौनक पर्यटकों को आकर्षित करती है. जाखू मंदिर और टॉय ट्रेन का सफर इस जगह को और खास बना देते हैं.
दक्षिण भारत में भी मिलती है ठंडक
दक्षिण भारत की बात करें तो मुन्नार एक बेहतरीन समर डेस्टिनेशन है. यहां के चाय के बागान, हरियाली और ठंडी हवा इसे खास बनाते हैं. नेचर लवर्स और कपल्स के लिए यह जगह काफी पसंद की जाती है. वहीं उंटी को हिल स्टेशन की रानी भी कहा जाता है, यहां के गार्डन, झीलें और ठंडा मौसम गर्मी से पूरी तरह राहत देते हैं. फैमिली ट्रिप और हनीमून के लिए यह शानदार ऑप्शन माने जाते हैं.
राजस्थान में भी है ठंडी जगह
अगर आप राजस्थान या यहां के आसपास के इलाके में रहते हैं, तो माउंट आबू गर्मियों में आपके लिए सबसे नजदीकी कूल डेस्टिनेशन हो सकता है. यहां का मौसम बाकी राजस्थान के मुकाबले काफी ठंडा रहता है. नक्की झील, दिलवाड़ा मंदिर और सनसेट पॉइंट यहां के प्रमुख आकर्षण के केंद्र हैं. ऐसे में गर्मियों के मौसम में आप यहां घूमने जा सकते हैं.
दिल्ली के आसपास भी है कई ऑप्शन
दिल्ली की भयंकर गर्मी से बचने के लिए लोग दिल्ली के आसपास भी घूमने जा सकते हैं. गर्मियों में दिल्ली के आस पास मसूरी, नैनीताल और ऋषिकेश जैसी जगह पर घूमने जा सकते हैं. मसूरी की ठंडी हवाएं, नैनीताल की झीले और ऋषिकेश का शांत माहौल गर्मी से राहत देने के साथ-साथ सुकून भी देते हैं.






