एयर इंडिया ने भारत और अमेरिका के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत दी है. एयरलाइन ने भारत और न्यूयॉर्क के बीच संचालित होने वाले सभी चार रूटों पर नॉन-स्टॉप उड़ान सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं. इसके तहत दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (JFK) और नेवार्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (EWR) के लिए सीधी उड़ानें बहाल कर दी गई हैं. एयरस्पेस से जुड़ी पाबंदियों में ढील मिलने के बाद एयर इंडिया ने यह फैसला लिया है. इससे यात्रियों के सफर में पांच घंटे तक की बचत होगी.
अब 22 की जगह करीब 17 घंटे में पूरा होगा सफर
दरअसल, पाकिस्तान का एयरस्पेस भारतीय एयरलाइंस के लिए बंद होने और इसके बाद मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में क्षेत्रीय संघर्ष के कारण हवाई मार्गों पर लगी पाबंदियों से भारत और उत्तरी अमेरिका के बीच उड़ानों का रूट प्रभावित हुआ था. इसके चलते एयर इंडिया को अपनी कुछ उड़ानों में ईंधन भरने के लिए बीच में तकनीकी ठहराव करना पड़ रहा था.
दिल्ली और मुंबई से न्यूयॉर्क के जेएफके और नेवार्क एयरपोर्ट जाने वाली कुछ उड़ानें इटली के रोम में रुक रही थीं. इस तकनीकी ठहराव के कारण यात्रा का कुल समय बढ़कर करीब 22 घंटे हो गया था. अब एयरस्पेस से जुड़ी पाबंदियों में राहत मिलने के बाद एयर इंडिया ने सभी चार रूटों पर बिना रुके उड़ानें शुरू कर दी हैं. इससे यात्रा का समय घटकर करीब 17 घंटे रह जाएगा.
दिल्ली और मुंबई से कितनी उड़ानें संचालित होंगी?
एयर इंडिया के अनुसार, भारत और न्यूयॉर्क के बीच फिलहाल निम्नलिखित उड़ानें संचालित की जा रही हैं.
- दिल्ली से न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट के लिए रोजाना एक उड़ान.
- मुंबई से न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट के लिए रोजाना एक उड़ान.
- दिल्ली से नेवार्क एयरपोर्ट के लिए सप्ताह में चार उड़ानें.
- मुंबई से नेवार्क एयरपोर्ट के लिए सप्ताह में तीन उड़ानें.
- दिल्ली से उड़ान में एयरबस A350-900 विमान की सुविधा
एयर इंडिया दिल्ली से जेएफके और नेवार्क के लिए अपनी प्रमुख एयरबस A350-900 विमानों का संचालन कर रही है. इन विमानों में यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों की सीटें उपलब्ध हैं. बिजनेस क्लास में 28 सीटें हैं, जिनमें पूरी तरह सपाट होकर बिस्तर में बदलने वाली सीटों की सुविधा दी गई है. वहीं, प्रीमियम इकोनॉमी में 24 सीटें हैं. इसके लिए अलग केबिन बनाया गया है, जहां यात्रियों को ज्यादा आराम और पैरों को फैलाने के लिए अतिरिक्त जगह मिलती है.
इसके अलावा, इकोनॉमी क्लास में 264 सीटें उपलब्ध हैं. विमान की सभी श्रेणियों में नई पीढ़ी के इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट सिस्टम लगाए गए हैं. साथ ही यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए विमान के अंदर मिलने वाली सुविधाओं और सेवाओं को भी नया रूप दिया गया है.
मुंबई से बोइंग 777-300ER विमान का संचालन
वहीं, मुंबई से जेएफके और नेवार्क के लिए एयर इंडिया बोइंग 777-300ER विमानों का संचालन कर रही है. इन विमानों के केबिन को भी बेहतर बनाया गया है. इनमें आठ सीटों वाला फर्स्ट क्लास केबिन है, जहां यात्रियों को गोपनीयता के लिए स्लाइडिंग दरवाजों की सुविधा मिलती है.
इसके अलावा, बिजनेस क्लास में पूरी तरह सपाट होकर बिस्तर में बदलने वाली 40 सीटें और इकोनॉमी क्लास में 280 सीटें उपलब्ध हैं.
एयर इंडिया का कहना है कि नॉन-स्टॉप उड़ानों की बहाली और विमानों में बेहतर केबिन सुविधाओं से भारत और अमेरिका के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधा, आराम और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. न्यूयॉर्क एयर इंडिया के सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में से एक है. ऐसे में सभी चार रूटों पर सीधी उड़ानें शुरू होने से इस मार्ग पर एयरलाइन की सेवाएं और मजबूत होंगी.






