मणिपुर चुनाव: कांग्रेस ने यौन उत्पीड़न के आरोपी सांसद को दी बड़ी जिम्मेदारी, भड़की बीजेपी

मणिपुर चुनाव: कांग्रेस ने यौन उत्पीड़न के आरोपी सांसद को दी बड़ी जिम्मेदारी, भड़की बीजेपी


मणिपुर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने बुधवार (11 नवंबर, 2026) को चुनाव से संबंधित विभिन्न कमेटियों का गठन किया है, जिसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस को अपने निशाने पर ले लिया है. दरअसल, कांग्रेस की तरफ से कमेटियों के गठन के बाद जारी की गई अधिसूचना में मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए शामिल किया गया है, जिन पर जेएनयू में 11 छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं.

चुनावी कमेटियों में सदस्य के रूप में बिमोल अकोइजम को शामिल किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा है कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं…’ और ‘Smash the Patriarchy’ की हुंकार भरने वाली कांग्रेस का महिला सम्मान के प्रति असली चाल, चरित्र और चेहरा एक बार फिर देश के सामने है.

कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर- स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए पोस्ट में कहा, ‘जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) की 11 छात्राओं की तरफ से कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए, फिर भी उन्हें मणिपुर प्रदेश चुनाव समिति में कांग्रेस ने अहम जिम्मेदारी दी है.’ 

उन्होंने कहा, ‘महिला सम्मान पर कांग्रेस की कथनी और करनी में इतना बड़ा अंतर इसलिए है, क्योंकि उनके लिए महिलाओं की गरिमा बस एक चुनावी नारा है.’

कांग्रेस ने बिमोल अकोइजम को दी कौन-सी बड़ी जिम्मेदारी?

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने मणिपुर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए अतिरिक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति और मणिपुर में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश चुनाव कमेटी, प्रचार कमेटी, घोषणापत्र कमेटी, मीडिया और प्रचार कमिटी के साथ चुनाव प्रबंधन कमेटी के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. 

पार्टी की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक, कांग्रेस नेता इबोबी सिंह को प्रदेश चुनाव कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है और सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को इस कमेटी का सदस्य बनाया गया है.

वहीं, कांग्रेस नेता लोकेश्वर सिंह को प्रचार कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है और सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को इस कमेटी का सदस्य नामित किया गया है. इसके अलावा, कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को घोषणापत्र कमेटी का सह-अध्यक्ष भी बनाया गया है. 

यह भी पढ़ेंः ‘राहुल गांधी को फिर से लॉन्च करने की कोशिश’, कांग्रेस के ‘भारत समिट’ पर बीजेपी का हमला



Source link