पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा के उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी ने सुष्मिता देव, सुखेंदु शेख रॉय और प्रकाश बराइक को उम्मीदवार बनाया है. इन तीनों नेताओं ने आज ही बीजेपी का दमन थामा था.
तीनों राज्यसभा सांसदों ने पिछले महीने संसद के उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया था. पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य समिक भट्टाचार्य ने तीनों नेताओं (सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक) का स्वागत किया और उन्हें पार्टी का झंडा सौंपा. भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि रॉय, देव और बराइक को बीजेपी में शामिल होने की अनुमति देना एक अपवाद माना जाना चाहिए.
‘सबके लिए दरवाजे नहीं खोलेगी बीजेपी’
उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि बीजेपी तृणमूल के किसी भी सदस्य के लिए अपने दरवाजे खोल देगी, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तीनों नेताओं का रिकॉर्ड बेदाग है और तृणमूल में रहते हुए उन पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है. इनके बीजेपी में शामिल होने के बाद से ही उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने की अटकलें लगने लगी थी.
सुखेंदु शेख ने 8 जून को राज्यसभा से इस्तीफा दिया, उसके बाद देव ने 10 जून को और बराइक ने 11 जून को इस्तीफा दिया. वह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से काफी पहले से तृणमूल नेतृत्व के आलोचक रहे थे. अगस्त 2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या के मामले में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली थी.
तीनों सीटों पर BJP की जीत की संभावना
पार्टी में उन्हें दरकिनार कर दिया गया और अंततः उन्होंने पिछले महीने इस्तीफा दे दिया. पश्चिम बंगाल विधानसभा में मौजूदा संख्या समीकरण के अनुसार, बीजेपी के उम्मीदवारों के तीनों सीटों पर जीत हासिल करने की संभावना है. विधानसभा में बीजेपी के पास फिलहाल 208 विधायक हैं. बीजेपी के उम्मीदवार को हराने के लिए विपक्षी उम्मीदवार को कम से कम 70 वोटों की आवश्यकता होगी. हालांकि आधिकारिक तौर पर तृणमूल के पास 80 विधायक हैं, लेकिन उनमें से 60 निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले ‘बागी लेकिन बहुमत’ गुट के हैं, जबकि शेष 20 ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी का समर्थन करते हैं.






