उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सफर करने वाले लोगों को रेलवे ने खुशखबरी दी है. भारतीय रेलवे अब लेकर आ रहा है दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें, जो न सिर्फ सस्ती होंगी बल्कि पहले से ज्यादा आरामदायक भी होगी. रेलवे ने लोकल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की घोषणा की है. इनमें एक डेली ट्रेन बनारस से हडपसर (पुणे) और एक साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलाई जाएगी. इन ट्रेनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मंगलवार, 28 अप्रैल को हरी झंडी दिखाएंगे.
रेलवे के मुताबिक इन नई ट्रेन सेवाओं का मकसद है कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा को ज्यादा सुलभ, किफायती और आरामदायक बनाना है. खास तौर पर यह सुविधा प्रवासी श्रमिकों और तीर्थयात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद होंगी.
अमृत भारत एक्सप्रेस की खासियत
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को खास तौर से लोअर और मिडिल इनकम आय वर्ग के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया था. ये पूरी तरह नॉन-एसी ट्रेनें हैं, जिनमें जनरल और स्लीपर कोच शामिल हैं. इन ट्रेनों में मॉडर्न और आरामदायक सीट और बर्थ डिजाइन, सीसीटीवी निगरानी और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम, फायर सेफ्टी के लिए एयरोसोल आधारित सिस्टम, मोबाइल चार्जिंग के लिए USB Type-A और Type-C पोर्ट, बेहतर लाइटिंग और साफ-सुथरे टॉयलेट और दिव्यांगजन के लिए उनके अनुकूल सुविधाएं शामिल हैं.
बनारस–हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन बनारस से शुरू होकर लगभग 30 घंटे में पुणे (हडपसर) पहुंचेगी और कुल 18 स्टेशनों पर रुकेगी. शाम सवा 6 बजे ये ट्रेन बनारस स्टेशन से रवाना होकर दूसरे दिन रात 12 बजकर 10 मिनट पर हडपसर पहुंचेगी. इस ट्रेन का स्टॉपेज प्रयागराज, झांसी, भोपाल (रानी कमलापति), इटारसी, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, दौंड होंगे. रेलवे का मानना है कि इस रूट का फायदा ये होगा कि काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और यूपी और एमपी के प्रवासी मजदूरों को पुणे तक सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी. साथ ही, किसानों और व्यापारियों को महाराष्ट्र के बाजारों तक पहुंच आसान हो जाएगी. वहीं शिरडी जाने वाले यात्रियों के लिए बेहतर विकल्प के तौर पर ये ट्रेन काम करेगी.
अयोध्या–मुंबई (LTT) अमृत भारत एक्सप्रेस
यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या कैंट से चलकर लगभग 28 घंटे में मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) पहुंचेगी. बुधवार की दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर ये ट्रेन अयोध्या कैंट से रवाना होगी और अगले दिन गुरुवार को दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर मुंबई पहुंचेगी. जबकि मुंबई से मंगलवार को सुबह 7 बजकर 55 मिनट कर ये ट्रेन रवाना होगी और अगले दिन सुबह सवा 10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी. इस ट्रेन के मुख्य स्टॉपेज, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे होंगे.
देश में अमृत भारत एक्सप्रेस की संख्या 66 हुई
रेलवे का मानना है कि इस रूट के फायदे ये होंगे कि राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सीधी ट्रेन सेवा होगी. साथ ही मुंबई में काम करने वाले यूपी के लाखों प्रवासी श्रमिकों को इससे फायदा पहुंचेगा, और यात्रा लागत और समय में कमी होगी. साथ ही त्योहारों और पारिवारिक यात्राओं में सुविधा मिलेगी. इन दोनों नई ट्रेनों के शुरू होने के बाद देश में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 66 हो जाएगी.
रेलवे ने इन दो नई ट्रेनों के बारे में कहा है कि जहां एक ओर ये ट्रेनें प्रमुख तीर्थ स्थलों को जोड़ती हैं, वहीं दूसरी ओर रोजगार, व्यापार और शिक्षा के अवसरों को भी बढ़ावा देती हैं. जैसे वंदे भारत ट्रेनों ने प्रीमियम यात्रा को नया रूप दिया है, वैसे ही अमृत भारत एक्सप्रेस आम यात्रियों के लिए सस्ती और आरामदायक लंबी दूरी की यात्रा का नया विकल्प बनकर उभर रही है.






