रायपुर में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 54वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बैटिंग का न्यौता पाने वाली मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन ही बोर्ड पर लगा सकी. अंतिम 15 गेंदों में एमआई के बल्लेबाज कोई बाउंड्री नहीं लगा सके, जिसके चलते टीम बड़े टोटल तक नहीं पहुंच सकी.
मुंबई की शुरुआत और अंत दोनों ही खराब रहे. मिडिल में टीम के लिए तिलक वर्मा और नमन धीर ने शानदार पारियां खेलीं. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रनों की साझेदारी की.
तिलक ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 42 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 57 रन स्कोर किए. नमन ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं इस दौरान आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.
मुंबई की शुरुआत और अंत दोनों खराब
मुंबई की शुरुआत काफी खराब रही. टीम ने 2.6 ओवर में सिर्फ 28 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे. इस दौरान रयान रिकल्टन, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव पवेलियन वापस लौट चुके थे.
इसके बाद तिलक और नमन की साझेदारी ने टीम का स्कोर 110 रन तक पहुंचाया. यहां टीम का चौथा विकेट नमन धीर के रूप में गिरा. इस विकेट के साथ टीम एक बार फिर बिखर गई. यहां से मुंबई ने पांचवां विकेट 132 रन पर, छठा 155 रन पर और सातवां 161 रन पर गिरा.
तिलक और नमन के अलावा मुंबई के लिए बाकी सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे. बाकी के बल्लेबाजों में रयान रिकल्टन ने 02 रन, रोहित शर्मा ने 22 रन, विल जैक्स ने 10 रन, राज बावा ने 16 रन, कॉर्बिन बॉश ने 05* रन, दीपक चाहर ने 01* रन और सूर्यकुमार यादव ने 00 रन बनाए.
रायपुर में 10 साल बाद खेला जा रहा आईपीएल मैच
बताते चलें कि रायपुर में 10 साल के लंबे इंतजार के बाद आईपीएल मैच खेला जा रहा है. यहां इससे पहले 2016 के आईपीएल में मुकाबला खेला गया था. यह बेंगलुरु के लिए दूसरा होम ग्राउंड है. अब देखना दिलचस्प होगा कि दूसरे होमग्राउंड पर टीम कैसा प्रदर्शन करती है.
यह भी पढ़ें: इस ‘पोर्न स्टार’ के साथ नजर आए विराट कोहली, सोशल मीडिया पर आग की तरफ फैली तस्वीर






