सिर्फ 289 रुपये में गाय-भैंस का बीमा, इस राज्य में हुई किसानों की चांदी

सिर्फ 289 रुपये में गाय-भैंस का बीमा, इस राज्य में हुई किसानों की चांदी


Livestock Insurance: बिहार के पशुपालकों के लिए अच्छी खबर है. अब गाय-भैंस पालने वाले किसान अपने दुधारू पशुओं का बीमा बेहद कम खर्च में करा सकते हैं. बिहार में पशुधन बीमा योजना के तहत एक गाय या भैंस का एक साल के लिए बीमा कराने पर सिर्फ 289 रुपये प्रीमियम देना होगा. 

अगर बीमा के दौरान पशु की बीमारी, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से मौत हो जाती है, तो बीमा की शर्तों के अनुसार पशुपालक को अधिकतम 50 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद मिल सकती है. इससे पशु की मौत होने पर होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी.

एक पशु के बीमा के लिए देने होंगे 289 रुपये

बिहार की पशुधन बीमा योजना के तहत एक गाय या भैंस का एक साल के लिए बीमा कराने पर 289 रुपये खर्च करने होंगे. यह प्रीमियम हर पशु के हिसाब से देना होगा. यानी अगर किसी पशुपालक के पास दो या तीन दुधारू पशु हैं और वह सभी का बीमा कराना चाहता है, तो उसे हर पशु के लिए अलग-अलग 289 रुपये देने होंगे.

पशु की मौत होने पर मिलेंगे 50 हजार रुपये तक

बीमा कराने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि अगर एक साल की बीमा अवधि के दौरान गाय या भैंस की मौत हो जाती है, तो पशुपालक आर्थिक मदद के लिए क्लेम कर सकता है. बीमा की शर्तों और जरूरी जांच पूरी होने के बाद अधिकतम 50 हजार रुपये तक की रकम मिल सकती है. 

बीमा कराने के लिए होगी ईयर टैगिंग

पशु का बीमा कराने के बाद उसकी पहचान पक्की करने के लिए कान में ईयर टैग लगाया जाएगा. इस टैग पर एक खास नंबर दर्ज होगा, जिससे बीमा वाले पशु की पहचान की जा सकेगी. इसके अलावा पशु की वीडियो भी बनाई जाएगी. यह प्रक्रिया इसलिए जरूरी है, ताकि भविष्य में बीमा क्लेम करते समय पशु की पहचान को लेकर कोई परेशानी न हो.

यह भी पढ़ें: पुराना मोबाइल नंबर हो गया बंद? पीएम किसान में ऐसे जोड़ें नया नंबर

पशु की मौत होने पर तुरंत दें सूचना

  • अगर बीमा के दौरान पशु की मौत हो जाए तो इसकी जानकारी तुरंत बीमा कंपनी को देनी होगी. 
  • इसके लिए बीमा प्रतिनिधि से संपर्क किया जा सकता है. 
  • समय पर सूचना देना जरूरी है, ताकि बीमा क्लेम की आगे की प्रक्रिया पूरी हो सके. 
  • इसके बाद कंपनी की ओर से जरूरी जांच और दस्तावेजों के आधार पर क्लेम का निपटारा किया जाएगा.

कहां और कैसे कराएं पशु का बीमा?

बिहार के इच्छुक पशुपालक अपने जिले के गव्य विकास कार्यालय में जाकर पशुधन बीमा योजना के बारे में जानकारी ले सकते हैं और आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले बीमा की शर्तों, जरूरी दस्तावेजों और क्लेम से जुड़े नियमों की जानकारी जरूर लें. 

यह भी पढ़ें: ड्रोन खरीदने के लिए मिलेंगे 8 लाख रुपये! महिलाओं को सरकार दे रही मदद



Source link